मुरादाबाद कोर्ट ने अभिनेत्री अमीषा पटेल के खिलाफ जारी किया गैर-जमानती वारंट, जानिए पूरा मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: फिल्म अभिनेत्री अमीषा पटेल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मुरादाबाद की एसीजेएम (अतिरिक्त सिविल जज) कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। बार-बार समन भेजने के बावजूद कोर्ट में पेश न होने पर अदालत ने यह सख्त कदम उठाया है।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद साल 2017 का है। मुरादाबाद के डबल फाटक निवासी पवन वर्मा, जो एक इवेंट कंपनी के मालिक हैं, ने अमीषा पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पवन वर्मा के मुताबिक 16 नवंबर 2017 को शहर के एक कारोबारी आयुष अग्रवाल की शादी थी, जिसमें अमीषा पटेल को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया था। इसके लिए अभिनेत्री को 14.50 लाख रुपये का एडवांस भुगतान किया गया था। उनके ठहरने के लिए दिल्ली रोड स्थित एक बड़े होटल में इंतजाम किए गए थे, लेकिन ऐन वक्त पर अमीषा पटेल मुरादाबाद नहीं पहुंचीं।

चेक बाउंस और कानूनी लड़ाई

पवन वर्मा का आरोप है कि जब उन्होंने अभिनेत्री से पैसे वापस मांगे, तो उन्होंने पूरी रकम लौटाने का वादा किया। अभिनेत्री की ओर से 10 लाख रुपये नकद और 4.50 लाख रुपये का एक चेक दिया गया। लेकिन जब चेक बैंक में लगाया गया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद पवन वर्मा ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया।

अभिनेत्री के वकील की सफाई

दूसरी ओर, अमीषा पटेल के वकील अभिषेक शर्मा का कहना है कि यह मामला पुराना है और आपसी समझौते के तहत अभिनेत्री ने सारा पैसा वापस कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता पवन वर्मा केस का दुरुपयोग कर रहे हैं। वकील ने भरोसा जताया कि अमीषा पटेल जल्द ही कोर्ट में पेश होकर अपनी बात रखेंगी।

अदालत ने अब इस मामले में कड़ा रुख अपनाया है क्योंकि अभिनेत्री कई बार समन मिलने के बाद भी तारीखों पर हाजिर नहीं हुई हैं। अब देखना यह है कि अमीषा पटेल इस वारंट के बाद कोर्ट में कब पेश होती हैं।

Also Read: फरीदाबाद: फैक्ट्री में एक के बाद एक फटे केमिकल ड्रम, 30 से ज्यादा मजदूर झुलसे, पुलिसकर्मी भी जख्मी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.