Moradabad News: ग्राम प्रधान के अपहरण मामले में भाजपा के पूर्व प्रत्याशी और ब्लॉक प्रमुख पति समेत 6 पर FIR

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में ठाकुरद्वारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति वीर सिंह सैनी समेत छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई किसी शिकायत पर नहीं, बल्कि कोर्ट के कड़े आदेश के बाद हुई है।

पूरा मामला 20 जनवरी 2026 का है। डिलारी थाना क्षेत्र के सहसपुरी गांव के प्रधान राजवीर सिंह सहकारी ग्राम विकास बैंक के चुनाव के लिए नामांकन पत्र खरीदने ठाकुरद्वारा आए थे। राजवीर सिंह का आरोप है कि जब वे चुनाव अधिकारी के कमरे में थे, तभी जितेंद्र सिंह और उनके समर्थकों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें नामांकन पत्र नहीं लेने दिया।

पिस्टल सटाकर बनाया जबरन वीडियो

पीड़ित प्रधान ने अपनी तहरीर में बेहद डरावनी आपबीती सुनाई है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने घटना की सूचना एसडीएम को देनी चाही, तो आरोपियों ने उन्हें जबरन फॉर्च्यूनर कार में डाल लिया और किसी अनजान जगह ले गए। वहां उनके साथ मारपीट की गई और उनका मोबाइल छीन लिया गया। राजवीर सिंह का आरोप है कि शाम को उन्हें भाजपा कार्यालय पर ले जाया गया, जहाँ उनकी कनपटी पर पिस्टल रखकर जबरन एक वीडियो बनवाया गया, ताकि वे अपने ही खिलाफ बयान दे सकें।

कोर्ट के दखल के बाद हुई कार्रवाई

पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद 112 नंबर पर फोन किया और आला अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन राजनीतिक रसूख के चलते स्थानीय पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। थक-हारकर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अब पुलिस ने केस दर्ज किया है।

आरोपियों की सूची

अजय प्रताप सिंह: पूर्व भाजपा विधानसभा प्रत्याशी।

वीर सिंह सैनी: ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख के पति।

जितेंद्र सिंह: निवासी रामूवाला गनेश।

हरपाल सिंह सैनी, सतपाल सिंह, धर्मेन्द्र पाल: अन्य नामजद।

सीओ ठाकुरद्वारा, आशीष प्रताप सिंह ने पुष्टि की है कि कोर्ट के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ अपहरण, लूट और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर, आरोपी ब्लॉक प्रमुख पति डॉ. वीर सिंह सैनी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह पूरा मामला राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है और भाजपा नेताओं की छवि खराब करने के लिए बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं।

Also Read: जयपुर में कोहराम: खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रेलर में घुसी, महिला समेत 5 की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.