Moradabad News: 10वीं के छात्र की गला रेतकर हत्या, प्रेम प्रसंग में दोस्त बने कातिल
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दसवीं के छात्र सुमित की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक बालिग और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
यह हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि लड़की के भाई और उसके दो दोस्तों ने मिलकर अंजाम दी, क्योंकि सुमित का उसकी बहन से प्रेम प्रसंग था।

यह घटना चंदौसी थाना क्षेत्र के गांव कैथल की है, जहां 16 वर्षीय सुमित इंटर कॉलेज में पढ़ता था। 25 अगस्त की रात वह घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले ही दिन उसका शव गांव के पास एक खेत में मिला, जिसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। सुमित के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और वह अपनी दो बहनों के साथ रहता था। इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है।
गोविंद और किशोर ने पकड़े पैर, सनोज ने काटी गर्दन’
पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच की, जिसमें शुरुआत से ही प्रेम प्रसंग का संदेह था। जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों- गोविंद (18) और एक नाबालिग (16) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला था।

आरोपियों ने बताया कि गोविंद और बाल अपचारी ने सुमित के पैर पकड़े, जबकि मुख्य आरोपी सनोज ने छूरे से उसकी गर्दन काट दी। पुलिस के अनुसार, सनोज उनका दोस्त था और सुमित का उसकी बहन के साथ प्रेम संबंध था। सनोज ने कई बार सुमित को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो तीनों ने उसे रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रची।

छुरा भी बरामद कर लिया
25 अगस्त की रात वे सुमित को बहला-फुसलाकर जंगल में ले गए, जहां सनोज ने आखिरी बार उसे समझाया। जब सुमित ने कहा कि वह उसी से शादी करेगा, तो सनोज ने तैश में आकर अपने दोस्तों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया छुरा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस अब मुख्य आरोपी सनोज की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। इस मामले ने एक बार फिर से रिश्तों में पनप रही हिंसा और आपराधिक प्रवृत्ति को उजागर किया है।
Also Read: SCO शिखर सम्मेलन से पहले बोले पुतिन, चीन-रूस मिलकर ब्रिक्स को बनाएंगे ताकतवर

