Moradabad News: SIR ड्यूटी के बीच ब्रेन हेमरेज के बाद वेंटिलेटर पर महिला BLO
Moradabad News: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य के दौरान लगातार सामने आ रही गंभीर घटनाओं ने प्रशासन और कर्मचारियों दोनों को चिंता में डाल दिया है। मुरादाबाद में जहां एक दिन पहले ही बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सर्वेश सिंह की आत्महत्या का मामला सामने आया था, वहीं अब एक महिला BLO की हालत बेहद गंभीर हो गई है। ब्रेन हेमरेज की आशंका के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
SIR ड्यूटी के बीच गिरीं महिला BLO
दरअसल मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली 57 वर्षीय आभा सोलोमन पाकबड़ा के प्राइमरी स्कूल में सहायक अध्यापिका हैं और इन दिनों SIR कार्य में लगी हुई थीं। रविवार दोपहर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवारिक सदस्य चर्च गए हुए थे और आभा घर पर फॉर्म अपलोड करने का काम कर रही थीं।
करीब दोपहर 2 बजे जब उनकी बहन चर्च से वापस लौटीं, तो आभा बिस्तर पर लेटी हुई थीं। दवा देने के लिए जब उन्हें उठाने की कोशिश की गई, तो वह बेहोश मिलीं। परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर अत्यधिक कम पाया और ब्रेन हेमरेज की आशंका जताई। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। परिजनों के अनुसार आभा बीपी की मरीज हैं और उनका पहले से इलाज चल रहा था। हालांकि परिवार ने अब तक SIR के दबाव या कार्य के संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है।
बिजनौर में भी महिला BLO की हार्ट अटैक से मौत
इससे पहले शनिवार को बिजनौर में 56 वर्षीय महिला BLO शोभा रानी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। वह शुक्रवार देर रात तक SIR से जुड़े फॉर्म ऑनलाइन अपलोड कर रही थीं। देर रात अचानक सीने में दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। घर में बेटे की शादी की तैयारियाँ चल रही थीं, जिससे परिवार पर दोहरा आघात पड़ा।
Also Read: बिहार में नई सरकार के कार्यकाल का पहला सत्र आज से, तकनीक और सुरक्षा में बड़े बदलाव के आगाज़

