Moradabad News: लाल मस्जिद इलाके में गंदे पानी की सप्लाई से हड़कंप, कई लोगों की बिगड़ी तबीयत
Moradabad News: इंदौर (Indore) में जहरीला पानी पीने से कई लोगों की मौत के बाद प्रदेश भर में अलर्ट जारी है। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद शहर से एक गंभीर और चिंता बढ़ाने वाला मामला सामने आया है, जहां लाल मस्जिद इलाके में बीते दो दिनों से गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि घरों में आने वाला पानी इतना दूषित है कि बाल्टियां तक काली पड़ गई हैं, जिससे लोगों में डर और नाराज़गी दोनों देखी जा रही है।
1500 से ज्यादा लोग प्रभावित
यह समस्या सिर्फ लाल मस्जिद इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि कसाई खाना और गुलजारी मल मोहल्ले में भी गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। इन तीनों इलाकों में करीब 1500 लोग रहते हैं, जो पिछले दो दिनों से इस गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले नलों से काला पानी आना शुरू हुआ और इसके बाद पानी के साथ रेत भी आने लगी, जिससे कई घरों की मोटरें जाम हो गईं।
गंदे पानी की शिकायत मिलते ही नगर निगम ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया। जांच के दौरान ट्यूबवेल में तकनीकी समस्या पाई गई, जिसके बाद निगम की टीम ने व्यवस्था सुधारने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल इलाके में स्वच्छ पानी की आपूर्ति बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
रेत और कीचड़ से फूंकी सैकड़ों मोटरें
वार्ड 68 के रहने वाले मोहम्मद फहीम ने बताया कि इलाके में नलों से भारी मात्रा में रेत और कीचड़ युक्त पानी आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस दूषित पानी के कारण लगभग एक मोहल्ले में ही 250 से 300 पानी की मोटरें फूंक चुकी हैं। फहीम के अनुसार यह समस्या शनिवार सुबह से अचानक शुरू हुई है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
इसी वार्ड के निवासी मोहम्मद इकराम ने भी स्थिति पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि शनिवार से ही नलों में कीचड़युक्त पानी आ रहा है, जिससे इलाके की पाइपलाइन पूरी तरह चोक हो गई हैं। गंदे पानी की वजह से लोगों का स्वास्थ्य भी बिगड़ने लगा है, जिससे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया है।
मुख्य सप्लाई में गड़बड़ी से गहराया जल संकट
मोहम्मद इकराम ने जानकारी दी कि स्थानीय पार्षद नदीम ने लेबर भेजकर काम शुरू करवा दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समस्या किसी एक पंप की नहीं, बल्कि पीछे से आ रही मुख्य सप्लाई में गड़बड़ी की वजह से पैदा हुई है। इसी कारण पूरे इलाके में जल संकट गहराता जा रहा है और अब तक करीब 50 से 60 मोटरें खराब हो चुकी हैं।
Also Read: Varanasi News: वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आगाज़, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक बोले- ‘खेलो इंडिया से मिल रहा लाभ’

