Moradabad News: ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी तेज रफ्तार कार, 4 दोस्तों की मौत, एक गंभीर

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मूंढापांडे इलाके में सोमवार सुबह करीब 6 बजे एक भयानक सड़क हादसा हुआ। रामपुर की दिशा से दिल्ली की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर अपने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

मशक्कत के बाद निकाले गए शव

हादसा मनकरा मोड़ के पास हुआ। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में नीचे तक धंस गई और उसमें सवार पांचों युवक अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया।

उत्तराखंड के रहने वाले थे सभी युवक

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार में सवार सभी पांचों दोस्त उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी क्षेत्र के रहने वाले थे। मृतकों में से एक की पहचान नैनीताल निवासी दयाल सिंह रावत (पुत्र कुमार पाल) के रूप में हुई है। बाकी तीन मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान हल्द्वानी निवासी यशदीप (पुत्र चंद्रवाला पांडे) के रूप में हुई है। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हुआ या कार की रफ्तार बहुत अधिक थी।

Also Read: भारत की नींव को कमजोर कर रही जातिवाद की राजनीतिः सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.