काशी पहुंचे मोरारी बापू, बाबा विश्वनाथ के दरबार में की पूजा, बोले- यह सनातन आस्था का विराट स्वरूप
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रसिद्ध रामकथा वाचक और आध्यात्मिक संत मोरारी बापू शुक्रवार को धर्म और आस्था की नगरी वाराणसी पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया।
विश्वनाथ धाम की भव्यता से अभिभूत मोरारी बापू ने दर्शन के बाद कहा,यह स्थान केवल मंदिर नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की आत्मा है। बाबा का दरबार अलौकिक है, यहां पहुंचकर आत्मा रोमांचित हो उठती है।”
बापू ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, परंपरा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है। उन्होंने इसे “सनातन धर्म का विराट स्वरूप” बताते हुए कहा, काशी में कथा करना मेरे जीवन की सबसे पावन अनुभूतियों में से एक है।
मोरारी बापू के आगमन पर विश्वनाथ धाम परिसर में श्रद्धालुओं और अनुयायियों में उत्साह का माहौल दिखा। परिसर में जैसे ही वे पहुंचे, जयकारों और पुष्पवर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। काशी के संतों और भक्तों ने भी उन्हें आदरपूर्वक सम्मानित किया।
बापू ने काशी को आत्मा की नगरी करार देते हुए कहा यहां कथा कहना एक आयोजन नहीं, बल्कि साधना है। काशी हर कथावाचक का सपना होती है, और मेरे लिए यह सपना आज साकार हुआ। मोरारी बापू के दर्शन और कथावाचन से जुड़ी यह यात्रा श्रद्धा और अध्यात्म की एक विशेष छाया बनकर भक्तों के हृदय में हमेशा के लिए अंकित हो गई है।
Also Read: Lucknow: रेड्डी अन्ना एप से हुई करोड़ों की ठगी, पुलिस की छापेमारी में 15 आरोपी…

