महाकुंभ-2025 में सेवा देने वाले 24 हजार से ज्यादा चालकों-परिचालकों को मिला 10,000 बोनस
Sandesh Wahak Digital Desk: महाकुंभ-2025 में दिन-रात ड्यूटी करने वाले उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के चालकों और परिचालकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बड़ा तोहफा मिला है। सरकार ने इन कर्मचारियों के खातों में 10,000 का बोनस सीधे भेज दिया है। कुल 24,071 चालकों और परिचालकों को यह प्रोत्साहन राशि दी गई, जिसके लिए राज्य सरकार ने लगभग ₹24.71 करोड़ का बजट जारी किया। इस अवसर पर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा,
“यह सिर्फ एक बोनस नहीं, बल्कि उन हजारों कर्मियों के समर्पण को सलाम है, जिन्होंने करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी। यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा बनेगा।”
महाकुंभ में निभाई अहम भूमिका ![]()
महाकुंभ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान, यूपी परिवहन निगम की भूमिका बेहद अहम रही। राज्य के सभी 19 क्षेत्रों से हजारों चालक और परिचालक प्रयागराज पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध और सहज सेवा प्रदान की। परिवहन मंत्री ने बताया कि आगरा, गाजियाबाद, मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर समेत तमाम ज़िलों से कुल 24,071 कर्मी महाकुंभ में ड्यूटी पर तैनात थे — जिनमें 11,786 चालक और 12,285 परिचालक शामिल थे। सभी ने पूरी लगन, ईमानदारी और निष्ठा से श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने में कोई कमी नहीं छोड़ी।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुआ सब कुछ संभव

दयाशंकर सिंह ने कहा कि
“उत्तर प्रदेश में महाकुंभ का आयोजन इतनी भव्यता और सफलतापूर्वक हो सका, इसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और दूरदृष्टि को जाता है। करीब 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और सब कुछ बेहद व्यवस्थित रहा। यह हमारे लिए गर्व की बात है।”


