मुठभेड़ में मोस्ट वांटेड आतंकी ह्यूमन जीपीएस बागू खान ढेर

Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के गुरेज सेक्टर में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। सेना ने एक मुठभेड़ में मोस्ट वांटेड आतंकी बागू खान उर्फ समंदर चाचा को मार गिराया। यह आतंकी पिछले कई सालों से सुरक्षाबलों की आंखों में धूल झोंक रहा था।

बागू खान, जो साल 1955 से पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में रह रहा था, आतंकी संगठनों के बीच ‘ह्यूमन जीपीएस’ के नाम से जाना जाता था। उसे गुरेज सेक्टर के गुप्त रास्तों और मौसम की विपरीत परिस्थितियों की पूरी जानकारी थी। यही वजह थी कि वह पिछले तीन सालों में इस इलाके से 100 से ज्यादा घुसपैठ की कोशिशों में शामिल रहा था। हिजबुल कमांडर रहते हुए उसने सीमा पार से घुसपैठ की कई साजिशों को अंजाम दिया था।

सेना ने गुरुवार (28 अगस्त) को खुफिया जानकारी के आधार पर गुरेज सेक्टर में एक ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दौरान सुरक्षाबलों ने बागू खान और उसके एक और साथी को बांदीपुरा में घुसपैठ की कोशिश करते हुए देख लिया। सेना ने जब उन्हें चुनौती दी, तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आतंकी ढेर हो गए। शुक्रवार सुबह तक भी इलाके में तलाशी अभियान जारी रहा।

Also Read: Lucknow News: इंदिरा नगर में दो शातिर चेन स्नैचर गिरफ्तार, लूटी हुई चेन और बाइक बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.