Kanpur News: प्रेम संबंध और 40 लाख की बीमा राशि के लिए मां ने प्रेमी के साथ मिलकर इकलौते बेटे की करवाई हत्या
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक मां जिसका नाम भी ममता है, ने अपने पति की मौत के बाद गैर-पुरुष से प्रेम संबंध जारी रखने और बीमा की मोटी रकम पाने के लिए अपने इकलौते बेटे की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में मृतक की मां और उसके प्रेमी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पति संदीप कुमार की मौत के बाद ममता की नजदीकियाँ अंगदपुर गाँव के मयंक कटियार से बढ़ने लगीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए। ममता का बेटा प्रदीप (जो आंध्र प्रदेश में नौकरी करता था) दीपावली पर गाँव आया। गाँव आने पर प्रदीप को ग्रामीणों से मां और मयंक के संबंधों का पता चला, जिसका उसने कड़ा विरोध किया। प्रदीप का विरोध ममता और उसके प्रेमी मयंक को नागवार गुजरा। उन्होंने प्रदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
हत्या की साजिश में एक बड़ा ट्विस्ट था। ममता और मयंक ने हत्या से पहले प्रदीप के नाम पर 40 लाख रुपये की चार बीमा पॉलिसी करवाईं, ताकि हत्या के बाद उन्हें बड़ी रकम मिल सके। हत्या को एक दुर्घटना का रूप देने के लिए बाजार से हथौड़ी खरीदी गई।
इस प्रकार रची गई हत्या की पूरी साजिश
मयंक ने अपने छोटे भाई ऋषि कटियार से 26 अक्टूबर को प्रदीप को होटल में खाना खिलाने के बहाने बुलाने को कहा। रास्ते में, मयंक और ऋषि ने प्रदीप के सिर पर हथौड़ी से कई वार करके उसकी निर्मम हत्या कर दी। शव को कानपुर-इटावा हाईवे पर डेरापुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया, ताकि यह दुर्घटना लगे। 27 अक्टूबर की सुबह खून से लथपथ शव मिलने पर पुलिस ने भी इसे प्रथमदृष्टया सड़क दुर्घटना माना था।
बाबा के संदेह से खुला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के बाबा जगदीश नारायण ने पुलिस को ममता और मयंक के प्रेम संबंधों के बारे में बताया और थाने में हंगामा किया। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मयंक और ऋषि पर हत्या का मामला दर्ज किया।
कानपुर देहात के एडिशनल एसपी राजेश पांडेय ने बताया कि तलाश के दौरान अंगदपुर के पास पुलिस टीम ने ऋषि कटियार को घेरा। ऋषि ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में ऋषि के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार शाम को प्रेमी मयंक कटियार को भी गिरफ्तार कर लिया गया और हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी बरामद कर ली गई। एडिशनल एसपी ने पुष्टि की कि प्रेम संबंध और बीमे की रकम पाने के लिए मां ने अपने प्रेमी संग मिलकर बेटे की हत्या करवाई थी। गिरफ्तार ऋषि कटियार पर पहले भी लूट, चोरी और गैंगस्टर जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।
Also Read: Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने प्रयागराज के बहुचर्चित हत्याकांड के दो इनामी अपराधियों को किया गिरफ्तार

