उन्नाव में 10 नवंबर से सांसद और विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन, 25 दिसंबर को अटल जयंती पर होगा समापन
उन्नाव: जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से सांसद और विधायक खेल स्पर्धा के भव्य आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सदर विधायक पंकज गुप्ता और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कृतिराज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रतियोगिताओं की तिथियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
खेल स्पर्धा की तिथियां और विधाएं
बैठक में निर्णय लिया गया कि सांसद और विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन 10 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
इस स्पर्धा में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, फुटबॉल, खो-खो और रसाकस्सी (टग ऑफ वॉर) जैसी लोकप्रिय विधाओं को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं का समापन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर होगा। समापन समारोह में प्रधानमंत्री के उद्बोधन के बाद विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
तैयारियों और प्रचार-प्रसार पर जोर
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने निर्देश दिए हैं कि प्रतियोगिताओं का आयोजन भव्यता के साथ किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक प्रतिभागी इसमें हिस्सा लें। बैठक में निम्नलिखित महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
खिलाड़ियों का युवा साथी पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा।
ब्लॉक, ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। युवा और महिला मंगल दलों द्वारा रैलियां आयोजित कर जन सामान्य को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए जागरूक किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर सुरक्षा, निर्णायक, फील्ड निर्माण, पुरस्कार और जलपान जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जाएगा। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने निर्देश दिया कि प्रतियोगिता स्थल पर साफ-सफाई, छाया, बैठने की व्यवस्था और पेयजल जैसी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस बैठक में जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला खेल अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)
Also Read: उन्नाव: CDO कृतिराज की अध्यक्षता में पर्यावरण बचाने की रणनीति तय, 5 लाख मुआवजे की घोषणा

