MP विधानसभा का विशेष सत्र आज: ‘विकसित और समृद्ध प्रदेश’ पर विमर्श, कांग्रेस ने बुलाई रणनीति बैठक
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आज, 17 दिसंबर 2025 को आयोजित किया जा रहा है। इस सत्र का मुख्य फोकस ‘विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्य प्रदेश’ के लक्ष्य पर व्यापक चर्चा करना है।
सत्र का ऐतिहासिक महत्व
यह विशेष सत्र विधानसभा के पहले सत्र के 69 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बुलाया गया है। अविभाजित मध्य प्रदेश का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ था, और उसी वर्ष 17 दिसंबर को विधानसभा का पहला सत्र आयोजित किया गया था।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि 17 दिसंबर विधानसभा के इतिहास में एक अहम तारीख है और इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अधिवेशन रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह सत्र राज्य के विकास की दिशा में बेहद उपयोगी साबित होगा, जहाँ सभी विधायक विकसित मध्य प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के तरीकों पर विमर्श करेंगे।
स्पीकर तोमर ने मुख्य सचिव अरविंद शर्मा के साथ मिलकर सत्र की तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
कांग्रेस की रणनीति बैठक
विशेष सत्र से पहले राज्य में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विशेष सत्र से पहले कांग्रेस के सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक नेता प्रतिपक्ष के बंगले पर आयोजित की जाएगी।
कांग्रेस विधायक इस बैठक में प्रदेश से जुड़े आर्थिक स्थिति, किसान, युवा, महिलाएं, आदिवासी, दलित, पिछड़े और कमजोर वर्गों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पार्टी ने विशेष सत्र के लिए एक स्पेशल एजेंडा तैयार किया है, ताकि ‘विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध मध्य प्रदेश’ के विषय पर विस्तृत और संगठित चर्चा की जा सके और विकास की वास्तविक चुनौतियों को सदन में उठाया जा सके।
Also Read:UP को ‘संत-राजा’ का नेतृत्व, सतीश महाना बोले- योगी ने UP को बनाया निवेश, रोजगार का मॉडल राज्य

