‘धुरंधर-2’ पर भड़के सांसद इमरान मसूद, बोले- बकवास है फिल्म, नोटबंदी देश की कमर तोड़ने वाला फैसला

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर-2’ अब बड़े राजनीतिक विवाद में फंस गई है। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने फिल्म को ‘बकवास’ और ‘झूठ का पुलिंदा’ करार देते हुए तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सांसद ने विशेष रूप से फिल्म में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसले को ‘मास्टरस्ट्रोक’ के रूप में दिखाए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है।

“नोटबंदी ने देश की कमर तोड़ी, फिल्म में महिमामंडन गलत”

मीडिया से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि फिल्म ‘धुरंधर-2’ में ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि “नोटबंदी कोई मास्टरस्ट्रोक नहीं था, बल्कि वह एक ऐसा फैसला था जिसने देश की अर्थव्यवस्था और आम आदमी की कमर तोड़ दी। फिल्म में इसे एक सफल कदम के तौर पर पेश करना सरासर गलत है। ऐसी फिल्मों पर कोई विश्वास नहीं करेगा और न ही यह जनता के गले उतरेगी।”

महिमामंडन करना है तो इंदिरा गांधी को दिखाएं: मसूद

सांसद मसूद ने फिल्मकारों को नसीहत देते हुए कहा कि यदि फिल्मों में किसी का महिमामंडन करना ही है, तो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साहस को दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिल्मों में यह बताया जाना चाहिए कि कैसे इंदिरा गांधी ने अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन को मुंहतोड़ जवाब दिया था और वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाया था।

असली मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए इमरान मसूद ने कहा कि सरकार के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। इसलिए फिल्मों के जरिए नैरेटिव सेट करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर-2’ को वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का एक जरिया बताया।

फिल्म बनाम राजनीति: फिर छिड़ी नोटबंदी पर बहस

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर-2’ की रिलीज के बाद इमरान मसूद के इस बयान ने नोटबंदी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर एक बार फिर नई बहस छेड़ दी है। फिल्म में राष्ट्रीय नीतियों को जिस ‘कलात्मक स्वतंत्रता’ के साथ दिखाया गया है, विपक्ष उसे ‘सरकारी प्रोपेगेंडा’ बताकर विरोध कर रहा है।

Also Read: अखिलेश यादव ने की मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान की शुरुआत, बोले- आधी आबादी के बिना विकास अधूरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.