Varanasi News: सांसद प्रिया सरोज ने सहेलियों संग मिलकर की धान की रोपाई, वीडियो वायरल
Varanasi News: समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद प्रिया सरोज रविवार को वाराणसी स्थित अपने पैतृक गांव करखियांव पहुंचीं, जहाँ उन्होंने अपनी सहेलियों के साथ मिलकर धान की रोपाई की। इस दौरान का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जो तेज़ी से वायरल हो रहा है। लोग उनकी सादगी और जमीनी जुड़ाव की सराहना कर रहे हैं।
प्रिया सरोज जौनपुर की मछलीशहर सीट से सांसद हैं, जबकि उनका गांव वाराणसी में आता है। सांसद प्रिया सरोज जब अपने गांव में थीं और उनके खेत में धान की रोपाई चल रही थी, तो वह खुद उसे देखने खेत पर पहुँच गईं। धान की रोपाई कर रही महिलाओं को देखकर वह खुद को रोक नहीं पाईं और खेत में उतर गईं। उन्होंने अपने एक हाथ में धान की पौध थामी और दूसरे हाथ से रोपाई शुरू कर दी।
एक सांसद को इस तरह धान की रोपाई करते देख वहां मौजूद महिलाएं भी अचंभित रह गईं। जानकारी के मुताबिक, प्रिया सरोज ने लगभग 5 बिस्वा खेत में धान की रोपाई की। सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को खूब शेयर किया जा रहा है और लोग उन्हें एक ‘जमीनी नेता’ बता रहे हैं।
बिजली संकट पर ऊर्जा मंत्री को लिखा पत्र
एक तरफ जहाँ प्रिया सरोज खेत में धान रोपकर अपना जमीनी जुड़ाव दिखा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ वह अपने संसदीय क्षेत्र जौनपुर में बिजली संकट को लेकर भी सक्रिय हैं। उन्होंने हाल ही में जौनपुर ज़िले में बिजली आपूर्ति की खराब स्थिति को लेकर ऊर्जा मंत्री को एक पत्र लिखा है।
पत्र में उन्होंने कहा है कि पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में बिजली की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बिना किसी योजना के बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोग परेशान हैं। ट्रांसफार्मर जलने और वोल्टेज की अनियमितता ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई दिनों तक बिजली न मिलने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
उन्होंने विशेष रूप से मड़ियाहूं तहसील के रिकेवीपुर, कोहड़ा और नयेपुर गांवों में धान की रोपाई प्रभावित होने का ज़िक्र किया। साथ ही छात्रों की पढ़ाई में बाधा, छोटे व्यापारियों को हो रहे आर्थिक नुकसान और अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावित होने की बात भी कही। सांसद ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकला और विद्युत विभाग की स्थानीय इकाइयाँ जनता की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रही हैं।
सांसद प्रिया सरोज ने UPPCL (उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने खराब बिजली लाइनों की मरम्मत और अनियोजित बिजली कटौती पर रोक लगाने के साथ-साथ नए ग्रिड या सबस्टेशन स्थापित करने की योजना बनाने का भी आग्रह किया है। इस पत्र की एक कॉपी जिलाधिकारी जौनपुर और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक को भी भेजी गई है।
Also Read: Siddharthnagar News: कूड़ा नदी में डूबे युवक ऋतिक का 20 घंटे बाद मिला शव, प्रशासन को मिली राहत

