सांसद खेल महोत्सव: कुश्ती के दांव-पेंच और कबड्डी के रोमांच में डूबा कुशीनगर; विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
पडरौना, कुशीनगर: जनपद के स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ के तहत कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिताओं का शानदार आयोजन किया गया। इस खेल महाकुंभ में कुशीनगर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कबड्डी: हाटा और पडरौना का दबदबा
कबड्डी के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली।
बालक वर्ग: सब-जूनियर और जूनियर वर्ग में हाटा की टीम ने पडरौना को हराकर खिताबी जीत दर्ज की। वहीं सीनियर वर्ग के रोमांचक फाइनल में खड्डा ने कसया को शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की।
बालिका वर्ग: सब-जूनियर वर्ग में पडरौना ने कप्तानगंज को हराया। जूनियर वर्ग में कसया और सीनियर वर्ग में हाटा की बेटियां चैंपियन बनकर उभरीं।
कुश्ती: जाहिद, सिकंदर और अमीषा ने जीते स्वर्ण
मैदान पर पहलवानों ने भी अपने हुनर से दर्शकों का दिल जीत लिया। 40 किग्रा भार वर्ग में रामकोला के जाहिद और 45 किग्रा वर्ग में पडरौना के सिकंदर प्रथम स्थान पर रहे। सब-जूनियर 40 किग्रा वर्ग में पडरौना की अमीषा कुमारी, 43 किग्रा में प्रतीक्षा और 46 किग्रा वर्ग में अंजलि गोंड ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान
मुख्य अतिथि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिलता है। कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद ने सभी आगंतुकों और खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भारी संख्या में खेल प्रेमी और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

