कुशीनगर में खसरा-रूबेला के खिलाफ ‘महायुद्ध’, 16 फरवरी से स्कूलों में लगेगा विशेष टीका

पडरौना (कुशीनगर): बच्चों को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए कुशीनगर जिला प्रशासन अब ‘मिशन मोड’ में काम कर रहा है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि जनपद में 16 फरवरी से 27 फरवरी तक विशेष एमआर (खसरा-रूबेला) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य फोकस स्कूलों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों पर होगा।

कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को मिलेगी सुरक्षा कवच

इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, मदरसों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को कवर किया जाएगा। अभियान के पहले चरण में 5 से 10 वर्ष की आयु के उन सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन की एक डोज दी जाएगी, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रहे।

आपसी तालमेल से काम करें

जिलाधिकारी ने इस मुहिम को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को एक साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए हैं।

माइक्रोप्लान तैयार: स्कूलों की सूची और ब्लॉक स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है।

अभिभावकों से संवाद: स्कूलों में पेरेंट्स मीटिंग कर उन्हें इस टीके के फायदे बताए जाएंगे ताकि टीकाकरण के दिन बच्चों की उपस्थिति 100% रहे।

बीमारी मुक्त कुशीनगर बनाएं

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सभी जनपदवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि, “खसरा और रूबेला जैसी बीमारियां बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं। इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और निर्धारित तिथि पर अपने बच्चों का टीकाकरण जरूर कराएं।”

रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल

 

Also Read: किश्तवाड़ के जंगलों में गूंजी गोलियां, सुरक्षाबलों ने जैश का एक आतंकी किया ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.