Hurun India Rich List 2025: मुकेश अंबानी फिर बने देश के सबसे धनी शख्स, इस नंबर पर हैं गौतम अडानी
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के अरबपतियों की दुनिया में इस साल एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के 14वें एडिशन में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने एक बार फिर देश के सबसे अमीर शख्स का ताज अपने नाम कर लिया है।
अंबानी-अडानी में कड़ा मुकाबला, रौशनी नाडार टॉप 3 में
हुरुन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ अब 9.55 लाख करोड़ रुपये हो चुकी है। इस तरह, उन्होंने गौतम अडानी और उनके परिवार को पीछे छोड़ते हुए टॉप पर अपनी जगह मजबूत की है। फिलहाल गौतम अडानी एंड फैमिली की संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।
इस साल की लिस्ट में एक और बड़ा सरप्राइज सामने आया है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज की चेयरपर्सन रोशनी नाडार मल्होत्रा और उनके परिवार ने पहली बार टॉप-3 में जगह बनाई है। उनकी संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये है, जिससे वे भारत की सबसे अमीर महिला भी बन गई हैं।

अरबपतियों की फौज बढ़ी, शाहरुख खान भी हुए शामिल
यह रिपोर्ट बताती है कि भारत में अरबपतियों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। इस साल देश में 350 से ज्यादा डॉलर अरबपति हो गए हैं, जो 13 साल पहले की तुलना में 6 गुना ज्यादा हैं। इन सभी की कुल संपत्ति भारत की जीडीपी का लगभग आधा (करीब 167 लाख करोड़ रुपये) है।
इस लिस्ट में युवा उद्यमियों ने भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। अरविंद श्रीनिवास (31), परप्लेक्सिटी के को-फाउंडर, भारत के सबसे युवा डॉलर अरबपति बने (संपत्ति: 21,190 करोड़ रुपये)। कैवल्य वोहरा (22), जेप्टो के फाउंडर, सबसे युवा एंट्रेंट बने। आदित पालीचा (23), दूसरे सबसे युवा अरबपति हैं।
बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान ने भी पहली बार इस लिस्ट में एंट्री की है। उनकी नेटवर्थ अब 12,490 करोड़ रुपये हो गई है, जिससे वह आधिकारिक तौर पर अरबपतियों के क्लब में शामिल हो गए हैं। वहीं, भारत के सबसे ज्यादा अरबपति मुंबई (451) से हैं, जिसके बाद नई दिल्ली (223) और बेंगलुरु (116) का नंबर आता है।
Also Read: Ind A vs Aus A: ग्रीनपार्क में मुकाबला शुरू, ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

