मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी आफ्शा अंसारी का खाता फ्रीज, 8.91 लाख की रकम जब्त
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस ने गैंगस्टर मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी आफ्शा अंसारी पर शिकंजा कसते हुए उसके बैंक खाते को फ्रीज कर दिया है। लखनऊ के यूपी सिविल सचिवालय स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चल रहे इस खाते में जमा 8 लाख 91 हजार 268 रुपये की पूरी राशि अब जब्त कर ली गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी को खुफिया सूचना मिली थी कि आफ्शा का खाता इस शाखा में संचालित है और उसमें जमा राशि की वैधता पर संदेह है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बैंक अधिकारियों से संपर्क कर खाते को तत्काल फ्रीज करा दिया।
लंबे समय से फरार है आफ्शा
आफ्शा अंसारी पिछले काफी समय से फरार है और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। गाजीपुर कोतवाली में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चिन्हित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। आफ्शा अंसारी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और पुलिस इस मामले से जुड़ी हर आर्थिक गतिविधि की बारीकी से जांच कर रही है।
Also Read: आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा, आम से लदी मैक्स पलटी, चार की मौके पर मौत, एक गंभीर

