सपा संस्थापक की तीसरी पुण्यतिथि: अन्नू टण्डन ने ‘धरतीपुत्र’ को दी श्रद्धांजलि, कहा- नेताजी का जीवन सामाजिक….

उन्नाव: समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को पूरे जनपद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम नागरिकों ने “धरतीपुत्र” को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

जिला कार्यालय पर मुख्य श्रद्धांजलि सभा

सपा के जिला कार्यालय पर मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें सपा की राष्ट्रीय सचिव व पूर्व सांसद अन्नू टण्डन और जिलाध्यक्ष राजेश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व सांसद अन्नू टण्डन ने मुलायम सिंह यादव के संघर्षमयी जीवन को याद किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन सामाजिक न्याय, समता और भाईचारे की मिसाल है। उन्होंने जिस तरह से गरीबों, किसानों, पिछड़ों और वंचितों के लिए काम किया, वह आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

अन्य प्रमुख आयोजन

पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी डॉ. अभिनव कुमार ने सिविल लाइन स्थित अपने आवास ‘हवामहल’ पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। डॉ. अभिनव ने नेताजी को गरीबों, शोषितों और वंचितों की मजबूत आवाज बताते हुए कहा, “नेताजी का जीवन देश के हर उस युवा के लिए प्रेरणा है जो अन्याय के खिलाफ लड़ना चाहता है।”

समाजसेवी वीरेंद्र शुक्ला के आवास पर भी श्रद्धांजलि सभा हुई। वीरेंद्र शुक्ला ने नेताजी के 1967 से शुरू हुए राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल ऐतिहासिक रहा और उन्होंने समाज के हर वर्ग के लिए संघर्ष किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि नेताजी की सोच और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। उन्होंने समाजवादी आंदोलन को आगे बढ़ाने का दृढ़ संकल्प लिया।

रिपोर्ट: मो. आतिफ (अनम)

 

Also Read: सिद्धार्थनगर: 15 केंद्रों पर 6,144 अभ्यर्थी देंगे UPPSC की प्रारंभिक परीक्षा, DM ने तैयारियों का लिया जायजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.