मुंबई मेट्रो निर्माण स्थल ऑटो और कारों पर गिरा स्लैब का हिस्सा, 1 की मौत, 3 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: सपनों के शहर मुंबई में शनिवार की दोपहर एक चीख-पुकार में बदल गई। मुलुंड स्थित जॉनसन गार्डन इलाके के पास मेट्रो की निर्माणाधीन साइट पर एक भारी स्लैब अचानक टूटकर नीचे सड़क पर गिर गया। यह हादसा दोपहर करीब 12:20 बजे हुआ, जब सड़क पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चल रहा था। भारी-भरकम सीमेंट का हिस्सा सीधे नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और कुछ निजी कारों पर जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि ऑटो रिक्शा और कारें मलबे के नीचे पूरी तरह दब गईं। इस दुर्घटना में 45 वर्षीय रामधन यादव की जान चली गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे का शिकार हुए लोग
रामधन यादव: (मृतक)
राजकुमार इंद्रजीत यादव (45 वर्ष): गंभीर रूप से घायल, आईसीयू में भर्ती।
महेंद्र प्रताप यादव (52 वर्ष): हालत स्थिर।
दीपा रुहिया (40 वर्ष): हालत स्थिर।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय भाजपा विधायक मिहिर कोटेचा मौके पर पहुंचे और उन्होंने सीधे तौर पर एमएमआरडीए (MMRDA) को इस हादसे का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसे सुरक्षा मानकों की बड़ी अनदेखी बताते हुए पूरे प्रोजेक्ट के थर्ड पार्टी ऑडिट की मांग की है। वहीं, एमएमआरडीए कमिश्नर संजय मुखर्जी ने घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन और ट्रैफिक जाम
हादसे की खबर मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेट्रो का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। क्रेन की मदद से मलबे को हटाया गया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी उपासनी अस्पताल पहुंचाया गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया गया है।
Also Read: बरेली में पुलिस और गौकशों के बीच मुठभेड़, 18 मुकदमों वाला शातिर ‘राजू’ फायरिंग में घायल

