कपिल शर्मा को जान से मारने की धमकी, मुंबई क्राइम ब्रांच ने रंगदारी मांगने वाले को किया गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता और मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा को धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दिलीप चौधरी नामक एक शख्स को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने कपिल शर्मा के पर्सनल असिस्टेंट (PA) को फोन करके 1 करोड़ रुपये की मांग की थी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 22-23 सितंबर की है। आरोपी दिलीप चौधरी ने कपिल शर्मा के पीए को फोन किया और खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 1 करोड़ रुपये की रंगदारी माँगी थी। पीए ने तुरंत इस मामले की जानकारी मुंबई पुलिस को दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जाँच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। जाँच के बाद, क्राइम ब्रांच ने तेज़ी दिखाते हुए आरोपी दिलीप चौधरी को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ परगना से गिरफ्तार किया और उसे मुंबई ले आई।
30 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दिलीप चौधरी को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे 30 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि धमकी देने के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।
Also Read: हाथ-पांव मत काटिए, गोली मार दीजिए – राघवी ने योगी से की संवेदनशील अपील

