मराठा आंदोलन में शामिल प्रदर्शनकारियों पर मुंबई पुलिस ने दर्ज किए कई केस

Sandesh Wahak Digital Desk: मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई में हुए प्रदर्शन के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने मंगलवार को अवैध रूप से इकट्ठा होने और अशांति फैलाने के आरोप में मराठा प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई बॉम्बे हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद की गई है। कोर्ट ने प्रदर्शन के दौरान सड़कों पर हुए जाम और अव्यवस्था पर नाराजगी जताई थी। चीफ जस्टिस चंद्रशेखर ने तो यहां तक कहा था कि सड़कों पर जज के चलने की भी जगह नहीं है। हालात सामान्य करें, वरना सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में तीन, एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में दो और जेजे पुलिस स्टेशन, कोलाबा और आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में भी मामले दर्ज किए गए हैं।

गौरतलब है कि मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटिल ने मंगलवार को सरकार से अपनी ज्यादातर मांगें माने जाने के बाद पांच दिनों से चला आ रहा अपना आमरण अनशन तोड़ दिया था। उन्होंने जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे-पाटिल के हाथों नींबू पानी पीकर अनशन समाप्त किया था। इसके बाद हजारों प्रदर्शनकारी अपने गांव लौट गए, और अब मुंबई में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं।

Also read: Kanpur News: नगर आयुक्त के आवास के बाहर नो पार्किंग नियमों की धज्जियां, फुटपाथ बना पार्किंग ज़ोन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.