मुंबई पुलिस को मिली बम से उड़ाने की धमकी, व्हाट्सएप मैसेज में 34 गाड़ियों में RDX का दावा
Sandesh Wahak Digital Desk: अनंत चतुर्दशी के मौके पर मुंबई में एक बार फिर बम धमाकों की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इस बार यह धमकी व्हाट्सएप मैसेज के जरिए दी गई है। एक अज्ञात नंबर से मुंबई ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर पर एक मैसेज भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि 34 गाड़ियों में बम लगाए गए हैं और 400 किलो RDX के धमाके से पूरा शहर दहल जाएगा।
इस मैसेज में ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नाम के एक संगठन का जिक्र किया गया है। मैसेज भेजने वाले ने यह भी कहा कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस चुके हैं और उनका मकसद एक करोड़ लोगों को मारना है।
मुंबई पुलिस ने इस धमकी को बहुत गंभीरता से लिया है और तुरंत जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस नंबर से मैसेज भेजा गया है, उसे ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। अधिकारियों ने कहा, मुंबई पुलिस हमेशा अलर्ट रहती है और हमारी नजर हर चीज पर है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
यह पहली बार नहीं है जब मुंबई में इस तरह की धमकी मिली है। हाल ही में, 22 अगस्त को इस्कॉन मंदिर को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा, मुंबई के एक बड़े होटल ‘फोर सीजन’ को भी ऐसे ही एक ईमेल से धमकी दी गई थी। हालांकि, इन दोनों मामलों में जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था।
Also Read: प्रियंका चोपड़ा को पति निक जोनस के गाने पर एतराज, ऐसे किया रिएक्ट

