Lucknow News: मुनव्वर राना की बेटी को पति ने धक्के मारकर निकाला, फिर दे दिया तीन तलाक
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी में एक बार फिर तीन तलाक का काला साया देखने को मिला है। मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी हिबा राना ने अपने पति सैय्यद मो. साकिब पर गंभीर आरोप लगाते हुए सआदतगंज पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया है। हिबा का कहना है कि उन्हें दहेज के लिए न केवल प्रताड़ित किया गया, बल्कि गैरकानूनी तरीके से तीन तलाक देकर घर से बाहर फेंक दिया गया।
हिबा ने पुलिस को बताया कि उनका निकाह 19 दिसंबर, 2013 को साकिब के साथ हुआ था। शादी के वक्त उनके पिता ने अपनी पूरी हैसियत के मुताबिक 10 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात दिए थे। लेकिन लालच की कोई सीमा नहीं थी। हिबा का आरोप है कि निकाह के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले 20 लाख रुपये की और मांग करने लगे। जब हिबा ने विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

शिकायत के मुताबिक, जुल्म की इंतहा तब हो गई जब पति साकिब ने हिबा को बेरहमी से पीटा, जान से मारने की धमकी दी और धक्के देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसी दौरान साकिब ने हिबा को तीन तलाक भी दे दिया। हिबा आज न्याय की गुहार लगा रही हैं और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

