संपूर्ण समाधान दिवस से नगर आयुक्त-अपर आयुक्त गायब, भड़कीं मेयर सुषमा खर्कवाल, दी कड़ी चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर मेयर सुषमा खर्कवाल बुरी तरह भड़क उठीं। उन्होंने अधिकारियों को सख़्त चेतावनी देते हुए कहा कि “सुनवाई पूरी होने तक कोई अधिकारी यहाँ से नहीं हिलेगा।”
मेयर का सख्त रुख और अधिकारियों की गैरहाजिरी
संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोग गृहकर, जलकर, सफाई, सड़क, सीवर और स्ट्रीट लाइट जैसी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। इस दौरान मेयर ने अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त की।
उन्होंने पूछा, “सभी अपर नगर आयुक्त और जोनल अधिकारी कहां हैं? हमारे लिए जनता वीआईपी है। हम सब जनता के नौकर हैं। इनका काम होना चाहिए।” नगर आयुक्त गौरव कुमार के अलावा, 3 अपर नगर आयुक्त (पंकज श्रीवास्तव, नम्रता सिंह, डॉ. अरविंद कुमार राव) और 3 जोनल अधिकारी (विनीत सिंह-जोन 5, रामेश्वर प्रसाद-जोन 7, विकास सिंह-जोन 8) भी अनुपस्थित रहे। इसी बीच, मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त ललित कुमार के अचानक बाहर चले जाने पर मेयर का गुस्सा और भड़क गया।
वीवीआईपी ड्यूटी पर सवाल
जोन 8 के जोनल अधिकारी विकास सिंह के अनुपस्थित होने पर जब एक कर्मचारी ने वीवीआईपी ड्यूटी का हवाला दिया, तो मेयर ने तुरंत उसे ख़ारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि “ये लोग वीआईपी नहीं हैं।” उन्होंने पूछा कि “कौन सा वीवीआईपी मूवमेंट है, जब सीएम सहित कोई वीआईपी शहर में नहीं है।” हालांकि, मेयर के कड़े तेवर देखने के करीब आधे घंटे बाद विकास सिंह समाधान दिवस में पहुँचे।
मेयर का समाधान दिवस में न आना और मेयर के पहुंचते ही अपर नगर आयुक्त ललित कुमार का बाहर चले जाना, मेयर-नगर आयुक्त के बीच चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

