इंग्लैंड में मुशीर खान का जलवा: तीन मैच, तीन शतक और एक मैच में 10 विकेट
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत को एक और संभावित ऑलराउंडर सितारा मिल गया है, और वह नाम है — मुशीर खान।
टीम इंडिया के टेस्ट बल्लेबाज सरफराज खान के छोटे भाई और मुंबई के युवा क्रिकेटर मुशीर ने इंग्लैंड दौरे पर ऐसा प्रदर्शन किया है कि पूरे क्रिकेट जगत की निगाहें उन पर टिक गई हैं।
इमर्जिंग मुंबई टीम के साथ इंग्लैंड में खेल रहे मुशीर ने तीन मुकाबलों में तीन शतक जड़ने के साथ ही गेंदबाजी में भी धमाकेदार प्रदर्शन किया है। खासकर दूसरे मैच में, उन्होंने एक ही मुकाबले में 10 विकेट लेकर सबको चौंका दिया।

तीसरे मैच में भी जारी रहा शतक का सिलसिला
इंग्लैंड दौरे का तीसरा मैच लॉफबोरो यूसीसीई के खिलाफ था, जहां मुशीर ने 116 गेंदों पर 102 रन बनाए।
इस पारी में उन्होंने 14 चौके और 1 छक्का लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 87.93 रहा और उन्होंने इंग्लिश गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
दूसरे मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन
3 जुलाई को खेले गए दूसरे मैच में मुशीर ने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी जलवा बिखेरा। उन्होंने दूसरी पारी में 127 गेंदों पर 125 रन की पारी खेली जिसमें 11 चौके और 1 छक्का शामिल था।
गेंदबाजी में-
-
पहली पारी: 6 विकेट, 38 रन देकर
-
दूसरी पारी: 4 विकेट, 56 रन देकर
हालांकि, यह मैच ड्रॉ रहा, लेकिन मुशीर का ऑलराउंड प्रदर्शन पूरे मैच में छाया रहा।
पहले मैच में भी चमका बल्ला
30 जून को नॉटिंघमशर सेकंड इलेवन के खिलाफ खेले गए पहले मैच में भी उन्होंने 127 गेंदों पर 123 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसमें 14 चौके शामिल थे।
इस मैच में मुंबई ने पहली पारी में 448 रन बनाए और विपक्षी टीम को 201 पर समेट दिया। मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन मुशीर की पारी ने मजबूत नींव रखी।
चोट से वापसी कर बने “हीरो”
पिछले साल एक कार हादसे में उनकी गर्दन में गंभीर चोट आई थी, जिससे उनका करियर रुक सा गया था।
लेकिन लम्बे रिहैब और मेहनत के बाद मुशीर ने मैदान पर जोरदार वापसी की है। उनका आत्मविश्वास, कौशल और समर्पण अब उन्हें भारत के अगले प्रमुख ऑलराउंडर के रूप में उभार रहा है।

