मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने की पहलगाम आतंकी हमले जताई कड़ी निंदा, आक्रोश में आकर कह डाली ये बड़ी बात….
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में हाल ही में हुए जघन्य आतंकी हमले में अब तक 26 निर्दोष नागरिकों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इस वीभत्स हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन टीआरएफ ने ली है। इस घटना के बाद दुनियाभर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, और अब मुस्लिम देशों की प्रमुख संस्था ‘मुस्लिम वर्ल्ड लीग’ ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है।
मुस्लिम वर्ल्ड लीग का बयान जारी
मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा है, “हम जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें मासूम नागरिकों की जान गई है। यह कृत्य मानवता के खिलाफ है। आतंकवाद का किसी भी धर्म, रंग या नस्ल से कोई लेना-देना नहीं है।”
संगठन ने यह भी कहा कि सभी इस्लामिक देश इस तरह की हिंसा और इसके किसी भी प्रकार के औचित्य को अस्वीकार करते हैं। मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मिलकर आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की अपील की।
राजनाथ सिंह ने भी साधा निशाना
उधर, भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “भारत की आतंकवाद को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति है। इस हमले के पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। सरकार हर जरूरी कदम उठाएगी और दोषियों को करारा जवाब दिया जाएगा।”
बता दे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल सऊदी अरब के दौरे पर हैं और माना जा रहा है कि भारत और सऊदी अरब की साझेदारी के तहत आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।

