वक्फ संशोधन एक्ट से मुसलमानों को डरने की जरूरत नहीं: डॉ. इंद्रेश कुमार
लखनऊ में मुस्लिम समुदाय ने वक्फ संशोधन कानून को बताया ऐतिहासिक, हजारों ने किया समर्थन
Sandesh Wahak Digital Desk: मुस्लिम राष्ट्रीय मंच उत्तर प्रदेश (मध्य क्षेत्र) की कार्यकर्ता बैठक प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित प्रेस क्लब में आयोजित की गई। इस बैठक में मंच के क्षेत्रीय संयोजक डॉ. शौकत और क्षेत्रीय संगठन संयोजक आलोक चतुर्वेदी के नेतृत्व में हजारों मुसलमानों ने वक्फ संशोधन एक्ट का समर्थन किया। कार्यक्रम में मंच के मार्गदर्शक डॉ. इंद्रेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मोहम्मद अबरार की कुरआन पाक की तिलावत से हुई, और उसके बाद राष्ट्र गीत ‘वन्दे मातरम’ का गायन एडवोकेट शहनाज़ फातिमा, आयशा खान, फातिमा, कहकशां और नसरीन ने किया। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ हाईकोर्ट की एडीशनल गवर्नमेंट एडवोकेट नुसरत जहां ने किया।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक सैयद रजा हुसैन रिज़वी ने अपने संबोधन में कहा, “इस मंच में हर मसलक के लोग शामिल हैं, और हम इस मंच के माध्यम से समाज में एकता की मिसाल पेश कर रहे हैं।” वहीं, राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल ने कहा, “अल्लाह हमें हमेशा सही रास्ते पर चलने की दावत देते हैं, और इस कानून के माध्यम से हम मुस्लिम समाज के कल्याण की दिशा में एक कदम और बढ़ा रहे हैं।”
मौलाना इरफान ने कहा, “यह कानून गरीबों के उत्थान के लिए है, और हम इसका समर्थन करते हैं।” इस्लाम अब्बास जी ने भी इस कानून के फायदे को रेखांकित करते हुए कहा, “यह कानून मुसलमानों के लिए लाभकारी है।”
डॉ. इंद्रेश कुमार का संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. इंद्रेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा, “भारत वसुधैव कुटुंबकम् के सिद्धांत को मानने वाला देश है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने यह सिद्ध कर दिया है कि हम सामाजिक और धार्मिक बंधन से ऊपर उठकर केवल मानवता की सेवा में विश्वास रखते हैं।”
डॉ. इंद्रेश कुमार ने वक्फ संशोधन एक्ट की महत्ता पर जोर देते हुए कहा, “यह कानून अल्पसंख्यक कल्याण के लिए एक नया अध्याय खोलेगा। इसके द्वारा वक्फ संपत्तियों का सही उपयोग सुनिश्चित होगा, जिससे मुस्लिम समाज का सशक्तिकरण होगा और समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन और सुरक्षा में यह कानून मील का पत्थर साबित होगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
इस कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के अधिवक्ताओं, विशेष रूप से हारून रशीद, बजहुल क़मर सिद्दीकी, डॉ. सुशील कुमार पांडे, सत्यप्रकाश शर्मा, अमित कुमार, बिलाल, अल्तमश, रामराज सिंह, सर्वेंद्र गुप्ता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया। इस बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर वक्फ संशोधन एक्ट का समर्थन किया, और इस कानून को मुस्लिम समाज के लिए सकारात्मक कदम मानते हुए इसे लागू करने की अपील की।
Also Read: MP News: दमोह में भीषण सड़क हादसा, आठ श्रद्धालुओं की मौत, पांच की हालत गंभीर

