अक्टूबर में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री ने बनाया नया रिकॉर्ड, निवेशकों का बढ़ा भरोसा
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत की म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) इंडस्ट्री के लिए अक्टूबर का महीना बेहद सकारात्मक रहा। निवेशकों ने इक्विटी फंड्स में जमकर निवेश किया, जिससे इंडस्ट्री का कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
79.87 लाख करोड़ के पार पहुंचा AUM
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री का AUM बढ़कर 79.87 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। सितंबर में यह आंकड़ा 75.61 लाख करोड़ रुपये था। यानी, सिर्फ एक महीने में ही 4.26 लाख करोड़ रुपये (5.63%) की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दरअसल अक्टूबर में म्यूचुअल फंड निवेशकों ने इक्विटी सेगमेंट में 24,690 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज किया। यह संकेत है कि निवेशकों का झुकाव फिर से शेयर बाजार आधारित फंड्स की ओर बढ़ रहा है। वहीं, डेट फंड्स में भी इस महीने जबरदस्त वापसी हुई। सितंबर में जहां 1.02 लाख करोड़ रुपये की निकासी हुई थी, वहीं अक्टूबर में निवेशकों ने 1.59 लाख करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो किया।
लिक्विड फंड्स में निवेशकों की बड़ी एंट्री
अक्टूबर में निवेशकों ने लिक्विड फंड्स में भी बड़ा निवेश किया। इस महीने 89,375.12 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज किया गया, जिससे बाजार में स्थिरता और तरलता दोनों बढ़ी। AMFI के आंकड़ों के अनुसार, म्यूचुअल फंड निवेशकों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर में कुल फोलियो की संख्या बढ़कर 25.60 करोड़ हो गई, जबकि सितंबर में यह 25.19 करोड़ थी। इस दौरान 18 नई ओपन एंडेड स्कीमें लॉन्च की गईं, जिनके जरिए कंपनियों ने 6,062 करोड़ रुपये जुटाए।
गोल्ड ईटीएफ में निवेश घटा
हालांकि इक्विटी और डेट फंड्स में निवेश बढ़ा, लेकिन गोल्ड ईटीएफ (Gold ETF) में निवेश थोड़ा घटकर 7,743 करोड़ रुपये रह गया, जो सितंबर में 8,363 करोड़ रुपये था।
अक्टूबर में फ्लेक्सी कैप फंड्स (Flexi Cap Funds) में निवेशकों का खासा झुकाव देखने को मिला। इस श्रेणी में 8,928 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो दर्ज हुआ, जो सितंबर के 7,029 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 27% अधिक है।
Also Read: सोनभद्र: चोरी के आरोपी को मिली सशर्त ज़मानत, न्यायालय ने दिया ‘देश न छोड़ने’ का आदेश

