मुजफ्फरनगर डबल मर्डर केस: 16 साल से फरार 40-40 हजार के दो इनामी बदमाश STF ने दबोचे
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड के 16 साल से फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों, धीरज और नीरज को एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर 40-40 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
कैसे पकड़े गए आरोपी?
एसटीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धीरज गुजरात के अहमदाबाद में और नीरज राजस्थान के जयपुर में छद्म नामों से रह रहे हैं। यह जानकारी मिलते ही एसटीएफ की दो टीमें तुरंत गुजरात और राजस्थान के लिए रवाना हुईं। कड़ी मशक्कत के बाद, 22 अगस्त 2025 को दोनों को नोएडा लाया गया, जहां विस्तृत पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
क्यों हुए थे ये कत्ल?
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका अपने ताऊ राजकरण से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उन्होंने 2007 में राजकरण के बेटे की हत्या की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। इसके बाद, 11 अगस्त 2009 को उन्होंने राजकरण के बेटे विनोद की गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में धीरज और नीरज के परिवार के कुछ लोग जेल भी गए, लेकिन ये दोनों फरार हो गए।
मामले की पैरवी खुद राजकरण कर रहे थे। इसी दुश्मनी में 12 मई 2010 को दोनों भाइयों ने अपने ताऊ राजकरण की भी गोली मारकर हत्या कर दी। इन दोनों हत्याओं के बाद से ही धीरज और नीरज पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
फरारी के दौरान धीरज ‘संजय’ नाम से गुजरात में रह रहा था, जबकि नीरज ‘सत्येंद्र’ नाम से दिल्ली और राजस्थान में छिपा हुआ था। इन दोनों पर कई और मामले भी दर्ज हैं, जिनकी आगे की कानूनी कार्रवाई भोपा पुलिस द्वारा की जा रही है।
Also Read: लखनऊ नगर निगम को मिला नया उपाध्यक्ष, BJP पार्षद चरणजीत गांधी को मिली जिम्मेदारी

