नेशनल जम्बूरी में मुजफ्फरनगर दल का मान! मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने खुद संभाली अहम जिम्मेदारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने गृह जनपद मुजफ्फरनगर से 19वीं नेशनल जम्बूरी में भाग लेने आए स्काउट्स एवं गाइड्स दल का लखनऊ स्थित अपने आवास पर जोरदार स्वागत किया। मंत्री अग्रवाल ने न सिर्फ बच्चों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि उनके रुकने, भोजन और संपूर्ण सुरक्षा की व्यक्तिगत जिम्मेदारी भी स्वयं संभाली।

मंत्री आवास पर ठहरा है पूरा दल

मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास पर मुजफ्फरनगर से आया पूरा दल 22 नवंबर से 30 नवंबर तक रुका हुआ है। मंत्री ने व्यक्तिगत निरीक्षण में यह सुनिश्चित किया है कि बच्चों को किसी तरह की असुविधा न हो।

कपिल देव अग्रवाल ने कहा, “ये बच्चे मुजफ्फरनगर के हैं, इनकी जिम्मेदारी भी मेरी है। इनकी सुरक्षा, सुविधा और हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करना मेरा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि योगी सरकार युवा कौशल, नेतृत्व विकास और चरित्र निर्माण को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है, और स्काउट्स-गाइड्स देश के सबसे अनुशासित युवा हैं।

इस नेशनल जम्बूरी में 4 देशों के 34,500 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। मंत्री ने मुजफ्फरनगर दल की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह दल अनुशासन, ऊर्जा और सहभागिता के उच्च मानकों के साथ उत्तर प्रदेश का मान बढ़ा रहा है।

राष्ट्रपति होंगी समापन समारोह में मुख्य अतिथि

नेशनल जम्बूरी के आज (शुक्रवार) होने वाले समापन समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर को लेकर मुजफ्फरनगर दल समेत सभी प्रतिभागियों में विशेष उत्साह और गर्व की भावना है।

Also Read: बदायूं की सर्राफा बाजार में दिनदहाड़े लाखों की चोरी, ग्राहक बनकर आया बदमाश तीन सोने की चेन लेकर फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.