MVVNL का बड़ा फैसला: 30 जून के बाद नहीं मिलेगा आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन, सभी संविदा सेवाएं होंगी खत्म!
Sandesh Wahak Digital Desk/Tavrej Alam : मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) ने अपने अधीन जोनल कार्यालयों में काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। 30 जून 2025 के बाद इन संविदा कर्मियों, सिक्योरिटी गार्डों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की सेवाएं पूरी तरह समाप्त कर दी जाएंगी। यानी अब इन्हें 1 जुलाई से वेतन नहीं मिलेगा।
क्या है मामला?
इन कर्मचारियों की नियुक्ति विकेन्द्रीकृत आउटसोर्सिंग अनुबंधों के तहत की गई थी। हालांकि, इन अनुबंधों की मियाद पहले ही खत्म हो चुकी थी, लेकिन कई जोनों में इन्हें तीन-तीन महीने की बढ़ोतरी देकर काम पर बनाए रखा गया था। अब निगम की प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि 30 जून तक सभी अनुबंध फोरक्लोज कर दिए जाएं। यह आदेश अयोध्या, लखनऊ, बरेली, गोंडा, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई सहित अन्य जिलों में लागू होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि एक जुलाई के बाद किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा मान्य नहीं होगी और उन्हें कोई भुगतान नहीं किया जाएगा।

आगे की योजना क्या है?
निगम ने लखीमपुर की एक नई फर्म को संविदा कर्मियों की आपूर्ति के लिए टेंडर दिया है। यह टेंडर केंद्रीयकृत व्यवस्था के तहत जारी हुआ है। अब डिवीजन और सब डिवीजन स्तर पर जो भी संविदा कर्मी काम करेंगे, वे इसी फर्म के माध्यम से नियुक्त होंगे। इस प्रक्रिया के तहत पहले से कार्यरत कुछ पुराने कर्मचारियों को फिर से नियुक्त किया जा रहा है। हालांकि, सेवा शर्तों में कुछ बदलाव किए गए हैं। यह भी बताया जा रहा है कि नई फर्म ने दागी या विवादित रिकॉर्ड वाले कर्मचारियों को नौकरी देने से इनकार कर दिया है।
कुछ को फिर मिली नौकरी, कुछ को इंतजार
नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू होने के बाद कुछ डिवीजनों में पुराने संविदा कर्मियों को फिर से काम मिल गया है। बाकी कर्मचारियों को अगले महीने तक नई नियुक्ति मिलने की उम्मीद है। एमडी ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और सेवाएं समय सीमा के भीतर समाप्त कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें।
Also Read : मड़ियांव पुलिस ने 4 किलो गांजा और 70 हजार नकद के साथ तीन…

