Rashami Desai: ‘मेरा करियर खत्म हो गया’, 4 साल तक टीवी से क्यों दूर रहीं रश्मि देसाई?
Rashami Desai Comeback: टीवी की चर्चित अभिनेत्री रश्मि देसाई एक बार फिर छोटे पर्दे पर वापसी कर रही हैं।
लंबे समय तक टीवी शोज से दूर रहने के बाद अब वह स्टार प्लस के शो ‘सयोनी’ में नजर आ रही हैं। इस बीच अभिनेत्री ने खुलासा किया है कि आखिर उन्होंने करीब 3-4 साल तक टीवी से दूरी क्यों बनाई थी।
इंटरव्यू में रश्मि देसाई ने बताया कि ब्रेक के दौरान उन्हें टीवी के ऑफर मिले, लेकिन वह किसी प्रोजेक्ट से जुड़ने के लिए तैयार नहीं थीं।
इस दौरान उन्होंने एक गुजराती फिल्म और जी5 की फिल्म ‘हिसाब बराबर’ में काम किया, लेकिन पहले की तरह लगातार प्रोजेक्ट नहीं किए।
अभिनेत्री के मुताबिक, वह इस समय का इस्तेमाल खुद पर काम करने और पुरानी बातों से आगे बढ़ने के लिए करना चाहती थीं। इसके लिए उन्होंने कई वर्कशॉप भी कीं।
ट्रोलिंग के कारण कमेंट पढ़ना किया बंद
रश्मि देसाई ने सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि कुछ ट्रोलिंग पैसे देकर कराई जाती है।
इसी वजह से उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट पढ़ना बंद कर दिया है।
अभिनेत्री ने ऑनलाइन दुर्व्यवहार पर चिंता जताते हुए कहा कि इसकी एक सीमा होनी चाहिए। उनके मुताबिक, ऑनलाइन अब्यूज लोगों पर गंभीर असर डाल सकता है।
‘लोगों ने कहा, मेरा करियर खत्म हो गया’
रश्मि ने बताया कि टीवी ने उन्हें कई सबक सिखाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि उनका करियर खत्म हो चुका है।
हालांकि, अभिनेत्री का मानना है कि एक कलाकार के तौर पर उन्हें अभी बहुत कुछ हासिल करना है।
उन्होंने टीवी को एक ऐसा मंच बताया, जिसकी पहुंच बहुत बड़ी है। रश्मि के मुताबिक, कलाकार को सिर्फ उसके ग्लैमरस अंदाज से नहीं, बल्कि उसके काम और जुनून से भी देखा जाना चाहिए। अब ‘सयोनी’ के जरिए उनकी वापसी पर दर्शकों की नजरें टिकी हैं।

