छवि ख़राब करने के लिए चलाई जा रही मेरी फर्जी ID, मनोज तिवारी ने दर्ज कराई शिकायत

Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय जनता पार्टी के सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने अपने नाम से चल रही एक फर्जी फेसबुक आईडी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मनोज तिवारी का कहना है कि इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश रची जा रही है। शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

ब्लू टिक से असली और नकली अकाउंट में फर्क

मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने बताया कि उनकी असली फेसबुक आईडी पर ब्लू वेरिफिकेशन टिक लगा हुआ है, जिससे असली और फर्जी अकाउंट में आसानी से अंतर किया जा सकता है। इसके बावजूद कोई अज्ञात व्यक्ति साजिश के तहत उनके नाम से फेक फेसबुक आईडी चला रहा है और लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा है।

मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि 22 जनवरी को ही उन्होंने न्यू दिल्ली जिले में इस फर्जी फेसबुक आईडी की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन हैरानी की बात है कि अब तक न तो उस फेक आईडी का पता चल सका है और न ही उसे चलाने वाला व्यक्ति पकड़ा गया है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और उसे कड़ी सजा दी जाए।

दिल्ली पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपील

मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने दिल्ली पुलिस और पुलिस कमिश्नर से अपील की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द इसका निपटारा किया जाए। दिल्ली पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले मुंबई में मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) के अंधेरी पश्चिम स्थित फ्लैट में चोरी की घटना भी सामने आई थी। इस मामले में उनके पूर्व घरेलू नौकर पर चोरी का आरोप लगा था, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब फर्जी फेसबुक आईडी के मामले ने एक बार फिर मनोज तिवारी को चर्चा में ला दिया है।

 

Also Read: अमेठी में गूंजा ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’, कांग्रेसियों ने चौपाल लगाकर केंद्र पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.