पश्चिमी यूपी के आसमान में रहस्यमयी ड्रोन, दहशत में जागते हैं ग्रामीण, पुलिस ने बनाई विशेष जांच टीम
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों आसमान में उड़ते रहस्यमयी ड्रोनों ने लोगों की नींद उड़ा दी है।
हापुड़, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर और अन्य आसपास के जनपदों में लगातार तीन-तीन, चार-चार ड्रोन रात के अंधेरे में उड़ते देखे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल है।
हर रात 9 बजे से 3 बजे तक उड़ते हैं ड्रोन
गांव अखापुर निवासी प्रभात शर्मा ने बताया कि बीते तीन दिनों से हर रात 9 बजे से लेकर तड़के 3 बजे तक गांव के ऊपर ड्रोन उड़ते नजर आ रहे हैं।
उनका कहना है कि इनकी संख्या एक या दो नहीं, बल्कि तीन-चार से अधिक होती है। ग्रामीणों को आशंका है कि कहीं ये ड्रोन किसी बड़ी साजिश के तहत तो नहीं उड़ाए जा रहे।
ग्रामीण कर रहे रात में पहरा
ड्रोन गतिविधियों को लेकर भयभीत ग्रामीण अब रात को जागकर पहरा दे रहे हैं। जैसे ही ड्रोन आसमान में दिखते हैं, लोग टॉर्च की रोशनी डालकर उन्हें देखने की कोशिश करते हैं।
लेकिन तभी ड्रोन ऊंचाई पर चले जाते हैं और उनकी लाइट बंद हो जाती है। लोगों ने पुलिस और प्रशासन को इस संबंध में जानकारी दे दी है।
कांवड़ यात्रा की रिकॉर्डिंग या कुछ और?
हापुड़ के एएसपी विनीत भटनागर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि संभावना है कि ये ड्रोन यूट्यूबरों या कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा हाईवे और कांवड़ यात्रा की शूटिंग के लिए उड़ाए जा रहे हों।
लेकिन उन्होंने किसी खतरे की आशंका को पूरी तरह नकारा नहीं है।
साजिश से इनकार नहीं, विशेष जांच टीम गठित
एएसपी भटनागर ने बताया कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इन रहस्यमयी ड्रोनों की सच्चाई सामने लाई जाएगी और यदि किसी भी प्रकार की असामाजिक या आपराधिक गतिविधि पाई जाती है, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Varanasi News: सांसद प्रिया सरोज ने सहेलियों संग मिलकर की धान की रोपाई, वीडियो वायरल

