Varanasi News: एशियन हैंडबॉल में भारत का नाम रोशन करने वाली नैना यादव का एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत का प्रतिनिधित्व कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाली हैंडबॉल खिलाड़ी नैना यादव का सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, वाराणसी पर भव्य स्वागत किया गया।
चीन और उज़्बेकिस्तान में आयोजित एशियन हैंडबॉल प्रतियोगिता में नैना ने अपने उत्कृष्ट खेल से देश का गौरव बढ़ाया, जिसके बाद वह सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे वाराणसी पहुंचीं।
एयरपोर्ट पर विकास इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। जैसे ही नैना एयरपोर्ट से बाहर आईं, पूरे परिसर में तालियों की गूंज और “भारत माता की जय” जैसे नारों से माहौल गर्व और उत्साह से भर गया।

परिजनों की आंखों में खुशी, क्षेत्र में जश्न का माहौल
नैना के आगमन पर उनके परिवारजनों, विशेष रूप से दादा-दादी, माता-पिता और रिश्तेदारों में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन भावुक नजर आए और पूरे परिवार के लिए यह क्षण गौरवशाली रहा। वहीं, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी नैना की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

पिंडरा विधायक अवधेश सिंह ने स्वागत समारोह में कहा,
“नैना ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे पूर्वांचल का नाम रोशन किया है। उनकी यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।”
उपस्थित रहे कई गणमान्य अतिथि
स्वागत समारोह में कई प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे, जिनमें एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, अभिषेक राजपूत, चौकी प्रभारी सत्यजीत सिंह, विकास इंटर कॉलेज के शिक्षकगण, खिलाड़ी और स्थानीय लोग शामिल थे।
इस पूरे आयोजन में क्षेत्रवासियों ने यह संदेश दिया कि जब बेटियाँ आगे बढ़ती हैं, तो पूरा समाज गर्व महसूस करता है। नैना यादव की यह उपलब्धि सिर्फ एक व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि भारतीय महिला खिलाड़ियों की ताकत और क्षमता का प्रतीक है।
रिपोर्ट: मदन मुरारी पाठक
Also Read: Lucknow News: दिनदहाड़े ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, पैसों के लेनदेन में गई जान

