यूपी में बदला एक और जगह का नाम, अब ‘नागेश्वरपुरम’ से यहां की होगी पहचान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कार्यकाल में कई जिलों, शहरों और रेलवे स्टेशनों के नाम बदले जा चुके हैं। इसी कड़ी में अब बलरामपुर नगर क्षेत्र के घोसियाना मोहल्ले का नाम भी बदल दिया गया है। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के तहत अब इस मोहल्ले को ‘नागेश्वरपुरम’ के नाम से जाना जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने बताया कि यह फैसला स्थानीय नागरिकों की मांग और क्षेत्र की धार्मिक पहचान को देखते हुए लिया गया है। अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह ने जानकारी दी कि 9 अप्रैल 2025 को पालिका की बैठक संख्या 16 में प्रस्ताव संख्या 128(1) के तहत नाम बदलने पर चर्चा हुई थी, जिसे सभी सदस्यों ने एकमत से पारित किया।
नया नाम ‘नागेश्वरपुरम’ इस क्षेत्र के धार्मिक महत्व को दर्शाता है। यह मोहल्ला प्राचीन झारखंडी महादेव मंदिर और झारखंडी सरोवर के समीप स्थित है। वर्तमान में झारखंडी सरोवर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है और सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से जारी है। नगर पालिका प्रशासन ने इस नाम परिवर्तन की सूचना सार्वजनिक नोटिस जारी कर स्थानीय निवासियों और नगरवासियों को दे दी है।
गौरतलब है कि योगी सरकार के सत्ता में आने के बाद कई ऐतिहासिक नाम परिवर्तन किए गए हैं। प्रयागराज, अयोध्या, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन जैसे नाम अब प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं। अब बलरामपुर का ‘नागेश्वरपुरम’ भी उसी बदलाव की एक और कड़ी बन गया है।
Also Read: विश्व पर्यावरण दिवस पर CM योगी ने किया पौधरोपण, बेल का पौधा लगाकर दिया हरित संदेश

