UP: नंद गोपाल नंदी ने उठाई अफसरशाही पर उंगली, CM को लिखा पत्र, लगाए कई गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने ब्यूरोक्रेसी के रवैये को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक तीखा पत्र लिखा है। अपने पत्र में मंत्री ने अफसरों पर अनुचित लाभ पहुंचाने, फाइलों को जानबूझकर रोकने, और नीतियों को दरकिनार कर फैसले लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि अधिकारियों का रवैया न सिर्फ गैरजिम्मेदाराना है, बल्कि यह सरकार की कार्यशैली को भी बाधित कर रहा है।

क्या है मंत्री के आरोप?

नंदी के मुताबिक, विभागीय अधिकारी मंत्री के निर्देशों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। कई फाइलें बार-बार मांगने के बावजूद दो साल से नहीं सौंपी गईं। कुछ मामलों में तो फाइलें गायब तक कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अपने मनमाने ढंग से ऐसे प्रस्तावों को पास किया है जो नियमों के विपरीत हैं और इससे कुछ खास लोगों को अनुचित लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री को भेजी गई रिपोर्ट

मंत्री ने अपने पत्र में ऐसे कई मामलों का ज़िक्र किया है, जिनमें जानबूझकर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया गया। एक ही तरह की परिस्थितियों में किसी एक की फाइल को पास किया गया जबकि दूसरे का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। नंदी ने दावा किया है कि ऐसे ही एक मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद एक वरिष्ठ अधिकारी को हटा भी दिया गया है।

उन्होंने यह भी लिखा कि वह पहले भी 7 अक्टूबर 2023 को मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेज चुके हैं, जिसमें उन्होंने विभागीय अफसरों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए फाइलों की सूची मांगी थी। इसके जवाब में 29 अक्टूबर को सीएम ऑफिस से एक सप्ताह में सभी फाइलें उपलब्ध कराने का निर्देश भी जारी हुआ, लेकिन छह महीने गुजर जाने के बाद भी फाइलें नहीं सौंपी गईं।

कामकाज के बंटवारे पर भी उठे सवाल

मंत्री ने यह भी कहा कि विभागीय कार्यों के सही बंटवारे के लिए तीन साल पहले ही आदेश जारी हुए थे, लेकिन अफसरों ने उस फाइल को ही “गायब” कर दिया। इसके चलते विभागीय कामकाज में समन्वय और पारदर्शिता नहीं बन पाई।

जांच के आदेश, रिपोर्ट तलब

मंत्री के इन गंभीर आरोपों को देखते हुए शासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और जल्द से जल्द रिपोर्ट तलब की है। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीरता से ले रहा है और आरोपों का ठोस जवाब तैयार किया जा रहा है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.