नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत कई दिग्गजों ने थामा सपा का हाथ, अखिलेश की मौजूदगी में ली सदस्यता

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच समाजवादी पार्टी ने बड़ी सेंधमारी की है। शनिवार को कांग्रेस के कद्दावर नेता और बसपा सरकार में सुपर कैबिनेट मंत्री रहे नसीमुद्दीन सिद्दीकी आधिकारिक रूप से समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उनके साथ ही पूर्व मंत्री अनीस अहमद खान उर्फ फूलबाबू और अपना दल (सोनेलाल) के पूर्व विधायक राजकुमार पाल ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी का सपा में आना मुस्लिम राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सिद्दीकी कभी बसपा सुप्रीमो मायावती के सबसे भरोसेमंद चेहरा थे। मायावती जब-जब मुख्यमंत्री बनीं (चार बार), नसीमुद्दीन हर बार कैबिनेट मंत्री रहे।

2017 में राहें हुईं जुदा: साल 2017 में बसपा से निकाले जाने के बाद उन्होंने 2018 में कांग्रेस का दामन थामा था, जहाँ वे प्रांतीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी की नाराजगी की कहानी बीते दिनों लखनऊ एयरपोर्ट से शुरू हुई थी। दरअसल, राहुल गांधी के रायबरेली दौरे के दौरान नसीमुद्दीन उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अंदर एंट्री नहीं मिली। खुद को उपेक्षित महसूस करते हुए उन्होंने 24 जनवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। तभी से चर्चा थी कि वे सपा या अपनी पुरानी पार्टी बसपा में जा सकते हैं, लेकिन उन्होंने अखिलेश यादव पर भरोसा जताया।

नसीमुद्दीन के साथ ही पीलीभीत की राजनीति का बड़ा चेहरा अनीस अहमद खान उर्फ फूलबाबू भी सपा में शामिल हो गए हैं। फूलबाबू तीन बार विधायक और पूर्व मंत्री रह चुके हैं। उनके आने से तराई क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Also Read: Varanasi News: शुभम का साथी अमित यादव वाराणसी से गिरफ्तार, छात्र राजनीति से शुरू हुई दोस्ती ने बनाया नशे का सौदागर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.