Lucknow News: सपा में शामिल होंगे नसीमुद्दीन सिद्दीकी, 15 फरवरी को अखिलेश यादव दिलाएंगे सदस्यता!
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति के बड़े मुस्लिम चेहरों में शुमार नसीमुद्दीन सिद्दीकी को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। हाल ही में कांग्रेस का साथ छोड़ने वाले नसीमुद्दीन सिद्दीकी अब समाजवादी पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 15 फरवरी को सपा मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में वह औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होंगे। उनके साथ कई पूर्व विधायकों के भी पाला बदलने की चर्चा है।
मायावती के कभी दाहिने हाथ रहे थे सिद्दीकी
नसीमुद्दीन सिद्दीकी का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। एक दौर था जब उनकी गिनती बहुजन समाज पार्टी में मायावती के सबसे भरोसेमंद और कद्दावर नेताओं में होती थी। हालांकि, 2017 में मायावती से अनबन के बाद उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थाम लिया था।
बीती 24 जनवरी को नसीमुद्दीन ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी थी। इस्तीफे की वजह बताते हुए उन्होंने कहा था कि वह पार्टी की कार्यशैली और अंदरूनी हालात से तालमेल नहीं बिठा पा रहे थे। दबी जुबान में यह भी कहा जा रहा है कि पार्टी में मनमुताबिक सम्मान और जगह न मिलने से वह काफी समय से नाराज चल रहे थे। कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें मनाने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं बनी।
2027 चुनाव से पहले सपा की बड़ी घेराबंदी
अगले विधानसभा चुनाव से पहले सपा के लिए इसे एक बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिमी यूपी और मुस्लिम वोट बैंक पर अच्छी पकड़ रखने वाले सिद्दीकी के आने से अखिलेश यादव की रणनीति को मजबूती मिलेगी। वहीं, कांग्रेस के लिए एक अनुभवी नेता को खोना किसी बड़े नुकसान से कम नहीं है।

