Lucknow News: नेशनल हेराल्ड केस को लेकर सड़कों पर उतरा कांग्रेस का गुस्सा, पुलिस से धक्का-मुक्की

Lucknow News: नेशनल हेराल्ड मामले में दिल्ली की अदालत द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं के खिलाफ ईडी (ED) की चार्जशीट को स्वीकार न करने के फैसले ने यूपी की राजनीति में उबाल ला दिया है। इस फैसले को अपनी बड़ी जीत बताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को लखनऊ की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस मुख्यालय से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन उस समय हंगामे में बदल गया जब कार्यकर्ता भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ने लगे।

सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जब आगे बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए 5 लेयर की सुरक्षा दीवार (बैरिकेडिंग) खड़ी कर दी थी। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा इतने दिनों से ED का गलत इस्तेमाल कर रही थी। आज अदालत के फैसले ने यह साबित कर दिया है कि पूरा मामला निराधार था।

National Herald Case Verdict

प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता ने पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए कहा, पुलिस ने धक्का-मुक्की में हमारे कपड़े तक फाड़ दिए। लोकतंत्र में ऐसा व्यवहार शर्मनाक है। पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने इस दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार अन्याय और अत्याचार की सरकार बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महात्मा गांधी के नाम और विचारधारा को मिटाने की साजिश रची जा रही है, जिसे कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी।

उन्होंने एलान किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जेल जाने से नहीं डरते और वे सड़क से लेकर संसद तक अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे। दरअसल, दिल्ली की एक अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दाखिल आरोपपत्र पर यह कहते हुए संज्ञान लेने से इनकार कर दिया कि इसमें पर्याप्त आधार नहीं हैं। इसी फैसले को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के मुंह पर तमाचा बताया है।

Also Read: पहलगाम हमला: NIA की 1597 पन्नों की चार्जशीट में पाकिस्तान बेनकाब, मास्टरमाइंड सज्जाद जट्ट का कच्चा चिट्ठा आया सामने

Get real time updates directly on you device, subscribe now.