नेशनल हेराल्ड केस में भाजपा की बदले की राजनीति बेनकाब, खड़गे ने मांगा पीएम मोदी और अमित शाह का इस्तीफा

Sandesh Wahak Digital Desk: नेशनल हेराल्ड मामले में अदालत के ताजा फैसले के बाद कांग्रेस में उत्साह की लहर है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इस मामले को पूरी तरह फर्जी करार देते हुए इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। कोर्ट द्वारा प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार करने के बाद खड़गे ने इसे सत्य की जीत कहा है।

खड़गे ने कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार की स्थापना 1938 में स्वतंत्रता सेनानियों ने की थी, जिसका आजादी की लड़ाई में ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस प्रतिष्ठित संस्थान को मनी लॉन्ड्रिंग जैसे आरोपों से जोड़कर कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश की। यह पूरा मामला सिर्फ राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया ताकि विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा सके। मोदी सरकार ED जैसी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर लोकतंत्र के लिए खतरनाक मिसाल पेश कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को घेरते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, अदालत के फैसले ने भाजपा की राजनीति को बेनकाब कर दिया है। अब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्हें यह लिखित में देना चाहिए कि भविष्य में वे राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को सताने का काम नहीं करेंगे।

सड़क पर उतरकर करेंगे पर्दाफाश: केसी वेणुगोपाल

वहीं, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले सात सालों से ED के जरिए कांग्रेस की सीनियर लीडरशिप को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे पार्टी का हर कार्यकर्ता आहत है। वेणुगोपाल ने चेतावनी दी, हम देश की सड़कों पर उतरकर इस पॉलिटिकल बदले की कार्रवाई का पर्दाफाश करेंगे। हम पूरे भारत में अपनी ताकत दिखाएंगे कि कैसे केंद्र सरकार सिस्टमैटिक तरीके से एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है।

गौरतलब है कि मंगलवार को कोर्ट ने नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दायर आरोपपत्र (Charge Sheet) पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया था। कांग्रेस का मानना है कि इस तकनीकी और कानूनी मोड़ ने सरकार के आरोपों की हवा निकाल दी है।

Also Read: Lucknow News: अवध चौराहे पर अस्थायी रैन बसेरे का उद्घाटन, सर्दी में यात्रियों को मिलेगी राहत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.