कांग्रेस में 4-5 लोग पार्टी को पहुंचा रहे नुकसान, रंधावा के लीगल नोटिस पर नवजोत कौर सिद्धू का बयान
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब कांग्रेस की राजनीति में पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के एक तीखे बयान ने नया सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। उन्होंने न केवल पार्टी के भीतर कुछ नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं, बल्कि मुख्यमंत्री बनने की कथित कीमत पर भी बड़ा खुलासा किया है।
पटियाला में मीडिया से बातचीत करते हुए नवजोत कौर ने कहा कि कांग्रेस में कुछ ऐसे लोग हैं, जो लगातार पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी, अगर हम सरकार बनाना चाहते हैं, तो इन 4-5 लोगों को किनारे करना होगा। ये लोग कांग्रेस को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बिना किसी वजह के पार्टी से निलंबित (Suspend) किया गया, जबकि उन्होंने कभी किसी से पैसे नहीं मांगे।
सीएम बनने के लिए 500 करोड़ चाहिए
बातचीत के दौरान, नवजोत कौर ने दावा किया कि जब उनसे पूछा गया कि पूरा पंजाब उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहता है, तो वह आगे क्यों नहीं आतीं, तो उन्होंने इसके जवाब में एक सनसनीखेज आरोप लगाया। कहा, क्योंकि मेरे पास 500 करोड़ रुपए नहीं हैं। सीएम बनने के लिए जितने पैसे इकट्ठे किए जाते हैं, हमारे पास वह 500 करोड़ नहीं होते। हम तो खुले हैं, सिद्धू जी की आय की जांच करा लो, सब साफ है।
रंधावा ने भेजा कानूनी नोटिस
इस बीच, गुरदासपुर के सांसद और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने नवजोत कौर सिद्धू को गंभीर कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस 7 और 8 दिसंबर को दिए गए उन बयानों के खिलाफ है, जिनमें कौर ने रंधावा पर राजस्थान में कांग्रेस प्रभारी रहते हुए टिकट वितरण में भ्रष्टाचार और पैसों के लेनदेन के आरोप लगाए थे।
रंधावा की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि सिद्धू के आरोप पूरी तरह झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावना से प्रेरित हैं। रंधावा ने इसे जानबूझकर किया गया मानहानि का प्रयास बताते हुए कहा कि इससे उनकी राजनीतिक प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को गहरी चोट पहुँची है।
नोटिस में मांग
कानूनी नोटिस में नवजोत कौर सिद्धू से मांग की गई है कि वह 7 दिनों के भीतर सार्वजनिक माफी जारी करें। उन्हीं मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर माफी प्रकाशित करें, जहाँ उन्होंने आरोप लगाए थे। भविष्य में ऐसे आरोप दोहराने से बचें।
Also Read: श्रावस्ती: अवैध नशीली दवाओं के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार, 864 कैप्सूल और इंजेक्शन बरामद

