कांग्रेस से विदाई के बाद नवजोत कौर सिद्धू का तीखा प्रहार, राहुल गांधी को बताया पप्पू
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी से निलंबित होने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबे और बेहद कड़े पोस्ट में उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का जमीनी हकीकत से कोई वास्ता नहीं रह गया है।
पप्पू ने अपने नाम पर मुहर लगा दी
नवजोत कौर ने अपने पोस्ट की शुरुआत ही बेहद आक्रामक अंदाज में की। उन्होंने लिखा, पप्पू ने आखिरकार अपने नाम पर मुहर लगा ही दी। एक ऐसा नेता जो सोचता है कि वह अकेला ईमानदार और जानकार इंसान है, जिसे ज़मीनी हकीकत का बिल्कुल भी पता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इर्द-गिर्द रहने वाले लोग उन्हें सच से दूर रखते हैं और टिकटें बेचकर अपनी जेबें भरते हैं।
बता दें कि यह पूरा विवाद पिछले महीने तब शुरू हुआ था जब नवजोत कौर ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री की कुर्सी हासिल करने के लिए 500 करोड़ रुपये देने पड़ते हैं। इस बयान ने कांग्रेस के भीतर हड़कंप मचा दिया था, जिसके बाद पार्टी ने अनुशासनहीनता का हवाला देते हुए उनकी प्राथमिक सदस्यता सस्पेंड कर दी थी।
Pappu has finally put a stamp on his name. A leader who thinks that he is the only honest and knowledgeable person, totally unaware of the ground realities. People working for him in his inner circle succeed in keeping him in exile and enjoying luxuries of life selling tickets…
— Dr Navjot Sidhu (@NavjotSidh42212) February 6, 2026
राहुल गांधी को सलाह, प्रैक्टिकल बनें
राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि राहुल अपनी ही बनाई एक काल्पनिक दुनिया में रहते हैं। उनके पास जमीनी हकीकत सुनने के लिए न तो समय है और न ही कान। उन्होंने लिखा, वह किसी इमरजेंसी कॉल पर रिएक्ट करने में 6 महीने लगा देते हैं, तब तक नुकसान हो चुका होता है। उन्होंने एक दोस्त के नाते राहुल को सलाह दी कि उन्हें अधिक समझदार, ग्रहणशील और प्रैक्टिकल बनने की जरूरत है।
अपने पोस्ट में नवजोत कौर ने बीजेपी के साथ बिताए अपने समय की तुलना कांग्रेस से की। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उनके टैलेंट को पहचाना और उन्हें 2012 में तब टिकट दिया जब वह एक डॉक्टर के रूप में अस्पताल में सेवा दे रही थीं। उन्होंने कहा, बीजेपी में मुझे सच बोलने और ईमानदारी से काम करने की आजादी थी। मैं किसी भी विभाग में जाकर अपना काम करवा सकती थी।
Also Read: OTT पर रिलीज हुई Kis Kis Ko Pyar Karu 2, जानें कहां देख सकते हैं ये फिल्म

