नवनीत सहगल ने प्रसार भारती के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, क्या संभालेंगे नई जिम्मेदारी?

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कैडर के 1988 बैच के सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नवनीत सहगल ने प्रसार भारती के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। केंद्र सरकार ने उनके इस्तीफे को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। सहगल ने मार्च 2024 में इस पद का कार्यभार संभाला था और उन्होंने 2 दिसंबर 2025 को इस्तीफा दिया। यूपी के सबसे प्रभावी और अनुभवी अधिकारियों में से एक माने जाने वाले सहगल के अचानक इस्तीफा देने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में उनके अगले कार्यभार को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।

अगली बड़ी जिम्मेदारी के कयास

सूत्रों के मुताबिक, नवनीत सहगल के सक्षम, अनुभवी और व्यावहारिक प्रशासक की छवि को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें केंद्र या राज्य स्तर पर कोई अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। उनके प्रशासनिक अनुभव और योग्यता के आधार पर उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। सियासी गलियारों में यह भी कयास है कि उन्हें किसी राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया जा सकता है।

यूपी ब्यूरोक्रेसी में 35 साल का सफर

पंजाब के फरीदकोट के मूल निवासी नवनीत सहगल यूपी की ब्यूरोक्रेसी में 35 साल के लंबे कार्यकाल में कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उन्होंने सपा और बसपा दोनों सरकारों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। मायावती के तीसरे कार्यकाल में वह वाराणसी से लखनऊ के जिलाधिकारी बनाए गए थे और बसपा सरकार के ताकतवर अधिकारी थे। 2007 में वह मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव भी नियुक्त हुए थे।

2017 में योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के बाद उन्हें खादी और एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। 2022 विधानसभा चुनाव से पहले उन्हें सूचना विभाग की जिम्मेदारी मिली और सेवानिवृत्त होने से पहले वह खेल विभाग के प्रमुख सचिव थे।

सहगल 2023 में प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे, जिसके बाद केंद्र सरकार ने उनकी प्रशासनिक योग्यता को देखते हुए उन्हें प्रसार भारती का चेयरमैन नियुक्त किया था। उनके इस्तीफे ने अब उनके भविष्य की भूमिका पर सस्पेंस बढ़ा दिया है।

Also Read: मंत्री संजय निषाद के ‘दलाल’ वाले बयान पर विरोध तेज, LU छात्रों ने लखनऊ में फूंका पुतला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.