बिहार में NDA का संकल्प पत्र जारी, हर युवा को नौकरी, महिलाओं को 2 लाख रुपये की मदद सहित 25 बड़े वादे

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में फिर से सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने आज, शुक्रवार को अपना ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया। इस घोषणा पत्र में NDA ने विकसित बिहार की कल्पना करते हुए 25 प्रमुख संकल्प तय किए हैं, जिसमें युवा, महिला सशक्तिकरण और औद्योगिक क्रांति पर विशेष ध्यान दिया गया है।

घोषणा पत्र जारी करते समय बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के साथ-साथ उपेंद्र कुशवाहा भी मौजूद रहे।

प्रमुख वादे और संकल्प

 

1. युवा शक्ति और रोजगार की गारंटी

1 करोड़ से अधिक सरकारी नौकरी और रोजगार प्रदान करने का वादा।

हर जिले में मेगा स्किल सेंटर बनाकर बिहार को ग्लोबल स्किलिंग सेंटर के रूप में स्थापित करेंगे।

2. महिला समृद्धि एवं आत्मनिर्भरता

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से महिला उद्यमियों को 2 लाख रुपये तक की सहायता राशि।

1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाएंगे और ‘मिशन करोड़पति’ के जरिए महिला उद्यमियों को करोड़पति बनाने की दिशा में काम करेंगे।

3. अति पिछड़ा वर्ग को आर्थिक बल

अति पिछड़ा वर्ग के 25 से अधिक व्यावसायिक समूहों (जैसे तांति, निषाद, तेली, लोहार, कुम्हार आदि) को 10 लाख रुपये की सहायता।

सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति का गठन, जो इन जातियों के सशक्तिकरण के लिए सुझाव देगी।

4. किसान और कृषि का सम्मान

कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि शुरू होगी, जिसके तहत किसानों को हर साल कुल 9,000 रुपये दिए जाएंगे।

पंचायत स्तर पर सभी प्रमुख फसलों (धान, गेहूँ, दलहन, मक्का) की एमएसपी (MSP) पर खरीद की गारंटी।

5 मेगा फूड पार्क स्थापित कर कृषि निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य।

5. औद्योगिक क्रांति एवं इंफ्रास्ट्रक्चर

7 एक्सप्रेसवे और 3,600 किमी रेल ट्रैक का आधुनिकीकरण किया जाएगा।

पटना के समीप ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया जाएगा, साथ ही दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर में भी इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेंगे।

4 नए शहरों में मेट्रो रेल सेवा शुरू की जाएगी।

विकसित बिहार औद्योगिक मिशन के तहत 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक क्रांति लाई जाएगी।

हर जिले में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और 10 नए औद्योगिक पार्क बनेंगे।

फिल्म सिटी और शारदा सिन्हा कला एवं सांस्कृतिक विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।

6. गरीबों के लिए ‘पंचामृत’ गारंटी

गरीब परिवारों के लिए मुफ्त राशन और 125 यूनिट मुफ्त बिजली।

5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज और 50 लाख नए पक्के मकान।

बच्चों के लिए KG से PG तक मुफ्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्कूलों में आधुनिक स्किल लैब।

Also Read: Women’s World Cup 2025: भारत की ऐतिहासिक जीत पर विराट कोहली का रिएक्शन, बोले, ‘जेमिमा…’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.