साइबर सुरक्षा और आतंकवाद पर फोकस करने की जरूरत: सीएम योगी
Lucknow News: सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS), कानपुर रोड ब्रांच में विश्व के मुख्य न्यायाधीशों का 26वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन चल रहा है। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, जिसमें 52 देशों के मुख्य न्यायाधीश, पूर्व उप राष्ट्रपति, पूर्व प्रधानमंत्री, संसद के अध्यक्ष और प्रमुख कानूनविद हिस्सा ले रहे हैं।
डायलॉग न होना है दुनिया की समस्या
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया की वास्तविक समस्या एक-दूसरे से डायलॉग न होना है और यह सम्मेलन संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि 80 साल पहले संयुक्त राष्ट्र (UN) की स्थापना के समय की घोषणा आज भी उतनी ही सार्थक है।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा, आज हमें उन पुरानी बातों तक सीमित न रहकर आज के ज्वलंत समस्याओं, जिनमें साइबर सुरक्षा, पर्यावरण रक्षा और वैश्विक आतंकवाद शामिल हैं, पर भी फोकस करने की ज़रूरत है।
योगी आदित्यनाथ ने कोविड महामारी का उदाहरण देते हुए विश्व को एकजुट होने की सलाह दी। उन्होंने एक पुरानी कहावत का हवाला दिया, यदि आज दूसरे के घर में आग लगी है और आप निश्चिंत होकर सो रहे हैं, तो अगले दिन वह आग आपके घर में भी लग सकती है। जो आज दूसरों के लिए संकट खड़ा कर रहा है, कल वह खुद इस संकट में घिर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर में डेटा चोरी की समस्या खड़ी हो रही है। वैश्विक जलवायु, साइबर सिक्योरिटी और आतंकवाद जैसी समस्याओं पर सभी को मुखर होना होगा। अंत में, उन्होंने दुनिया के 250 करोड़ से अधिक बच्चों के बस्ते के बढ़ते बोझ को कम करने के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

