‘अगले साल से NEET परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी’, पेपर लीक विवाद के बीच शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान
Sandesh Wahak Digital Desk: नीट पेपर लीक मामले के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार (15 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अहम घोषणाएं कीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम से सावधान रहने की जरूरत है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री ने बताया कि अगले साल से NEET परीक्षा OMR शीट की बजाय कंप्यूटर-बेस्ड (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
इसके साथ ही NEET-UG की दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा। परीक्षा के प्रवेश पत्र 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG परीक्षा को 21 जून को दोबारा कराने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के बाद 7 मई को कुछ आपत्तियां सामने आईं, जिसके बाद सरकार ने तत्काल जांच शुरू की। 12 मई तक यह स्पष्ट हुआ कि ‘गेस पेपर’ की आड़ में प्रश्नपत्र बाहर गया, जिसे सरकार ने गंभीरता से लिया।
शिक्षा मंत्री ने दो टूक कहा, “हम नहीं चाहते कि किसी साजिश या अनुचित साधनों के कारण योग्य छात्रों के साथ अन्याय हो।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच संबंधित एजेंसियों को सौंपी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि NEET (UG) 2026 परीक्षा अब 21 जून को दोबारा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पहले 3 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के चलते इसे रद्द कर दिया गया था। NTA ने नई तारीख की औपचारिक घोषणा कर दी है।
Also Read: पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में भारी उछाल, नई दरें आज से लागू

