Siddharthnagar News : निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने निरीक्षण के बाद दिए सख्त निर्देश
Siddharthnagar News : शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के चार वार्डों में चल रहे निर्माण कार्यों का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सड़कों, नालियों और इंटरलॉकिंग के निर्माण की बारीकी से जांच की और कई जगह खुदाई करवा कर काम की गुणवत्ता की पड़ताल भी की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने साफ कहा कि नगर क्षेत्र में हो रहे सभी निर्माण कार्यों को 5 जुलाई 2025 तक हर हाल में पूरा किया जाए और उसमें गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
जहां सड़क खुदवाई, वहीं नाली के ढक्कन भी उलटवाए
निरीक्षण की शुरुआत साड़ी तिराहा पर बन रही योग मुद्रा प्रतिमा से हुई। यहां डीएम ने निर्माण प्रगति को देखा और तय समयसीमा में कार्य पूरे करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अशोक मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटों को 30 जून तक चालू कराने के निर्देश भी दिए। बाद में अटल नगर वार्ड पहुंचे डीएम ने एनएच रोड से प्राइमरी स्कूल तक बन रही सीसी रोड की जांच की। यहां उन्होंने सड़क की गिट्टी खुदवाकर उसकी गहराई मापी और निर्माण की गुणवत्ता को परखा।

नाली निर्माण पर भी नजर, बड़े ढक्कन लगाने का निर्देश
इसके बाद निरीक्षण टीम सुभाष नगर पहुंची, जहां मिन्टू कसौधन के घर से वृद्धाश्रम तक और भगत सिंह वार्ड (पुरानी नौगढ़) में रफीक के घर से फरहान के क्लीनिक तक बन रही आरसीसी नाली का जायजा लिया गया। डीएम ने निर्देश दिया कि नालियों में बड़े आकार के ढक्कन लगाए जाएं ताकि सफाई में किसी तरह की दिक्कत न हो।

इंटरलॉकिंग सड़क में धंसी जमीन, डीएम ने दिया तत्काल मरम्मत का आदेश
अंत में वार्ड नंबर 9 सिंहेश्वरीपुरम में उषा देवी के घर से नवीन मंडी चकरोड तक चल रहे इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण का निरीक्षण किया गया। यहां सड़क की खुदाई कर गहराई मापी गई, जो मानक के अनुरूप पाई गई। हालांकि बीच में एक हिस्सा धंसा हुआ मिला, जिसे डीएम ने तत्काल ठीक कराने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ नगर पालिका परिषद के अधिकारी व अन्य अभियंता भी मौजूद रहे। डीएम के औचक दौरे से निर्माण से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदारों में हलचल मच गई।

