Lucknow News: सच पूछने पर हो जाता है मुकदमा, कानूनी घेरे में घिरीं नेहा सिंह राठौर का छलका दर्द

Lucknow News: अपनी बेबाक गायकी के लिए मशहूर भोजपुरी लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई नया गाना नहीं बल्कि उनके खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई है। हाल ही में नेहा ने अपने ऊपर दर्ज मुकदमों और पुलिसिया जांच को लेकर खुलकर बात की और व्यवस्था पर सवाल भी उठाए।

बातचीत में नेहा ने अपनी परेशानी साझा करते हुए कहा कि आज के दौर में सवाल पूछना भी भारी पड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, यहाँ छोटी-छोटी बातों पर मुकदमे दर्ज हो जाते हैं। अगर आप सही से चार सवाल पूछ लें, तो FIR करा दी जाती है। सोशल मीडिया पर गालियां दी जाती हैं। पता नहीं कैसे लोग हैं, जिनकी भावनाएं बात-बात पर आहत हो जाती हैं।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान

नेहा ने स्पष्ट किया कि वे कानून से भाग नहीं रही हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस में उनका बयान दर्ज हो चुका है और वे जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा, मेरा जितना सहयोग बनता था, मैंने कर दिया है। अब पुलिस विवेचना करेगी। जो भी सुप्रीम कोर्ट का आदेश आएगा, मैं उसका पूरी तरह पालन करूँगी। जो लड़ाई है, वो लड़ी जाएगी।

नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू हुईं। हमले के बाद नेहा ने सोशल मीडिया पर ‘चौकीदारवा कायर बा…’ नाम से एक गाना शेयर किया था। आरोप है कि इस गाने के जरिए भाजपा सरकार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। पुलिस और शिकायतकर्ताओं का दावा है कि उनके इस पोस्ट को पाकिस्तान में भारत की आलोचना के लिए इस्तेमाल किया गया, जिससे देश की संप्रभुता और छवि को नुकसान पहुँचा।

Also Read: लखनऊ: भूमि विकास बैंक चुनाव के लिए डॉ. विवेक सिंह तोमर ने भरा पर्चा, भाजपा के कई दिग्गज रहे मौजूद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.